चैंपियंस ट्रॉफी से पहले पाकिस्तान में कप्तानों का फोटोशूट नहीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 Jan 2025 10:31 PM
चैंपियंस ट्रॉफी से पहले पाकिस्तान में कप्तानों का फोटोशूट नहीं
ऑडियो सुनें

कराची. आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी से पहले पाकिस्तान में कप्तानों का कोई फोटोशूट या प्रेस कांफ्रेंस नहीं होगी जिससे भारतीय कप्तान के टूर्नामेंट से पहले के कार्यक्रम के लिए वहां यात्रा करने की संभावना खत्म हो गई. मेजबान क्रिकेट बोर्ड के एक सूत्र ने बृहस्पतिवार को पीटीआई को इसकी जानकारी दी.

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के सूत्र ने कहा कि पीसीबी को ‘यात्रा के व्यस्त कार्यक्रमों के कारण टीमों की अनुपलब्धता’ की वजह से टूर्नामेंट से पहले कप्तानों की प्रेस कांफ्रेंस रद्द करने के लिए मजबूर होना पड़ा. सूत्र ने कहा, ”बात यह है कि टूर्नामेंट से पहले सभी टीमों का कार्यक्रम व्यस्त है. इंग्लैंड और भारत सफेद गेंद की श्रृंखला खेल रहे हैं जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम श्रीलंका में टेस्ट और एकदिवसीय श्रृंखला खेल रही है. ” उन्होंने यह भी कहा कि पीसीबी आधिकारिक उद्घाटन समारोह के बजाय 16 फरवरी को लाहौर में टूर्नामेंट शुरू करने का कार्यक्रम आयोजित करेगा.

परंपरा के अनुसार भाग लेने वाली सभी टीमों के कप्तान आईसीसी टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले टूर्नामेंट से पूर्व फोटो खिंचवाने के लिए इकट्ठा होते हैं. चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का मौजूदा चरण 19 फरवरी से नौ मार्च तक खेला जाना है जिसे पाकिस्तान में तीन स्थानों और दुबई में एक स्थान पर आयोजित किया जाएगा.

भारत सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान नहीं जाएगा और इसके बजाय दुबई में अपने सभी मैच खेलेगा. अगर वे फाइनल के लिए क्वालीफाई करते हैं तो खिताबी मुकाबला भी दुबई में ही खेला जाएगा.  टूर्नामेंट का शुरूआती कार्यक्रम लाहौर के हुजूर बाग में होगा. पीसीबी के सूत्र ने पुष्टि की कि चेयरमैन मोहसिन नकवी ने 19 फरवरी को कराची में राष्ट्रीय स्टेडियम में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले पहले मैच से पहले के निर्धारित कार्यक्रमों की सूची को मंजूरी दी.

पीसीबी मरम्मत किए गए गद्दाफी स्टेडियम का सात फरवरी को आधिकारिक रूप से उद्घाटन करेगा जिसके लिए प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है. पीसीबी 11 फरवरी को कराची में एक समारोह में पुर्निर्निमत राष्ट्रीय स्टेडियम को भी लांच करेगा जिसमें राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है.

सूत्र ने कहा, ”16 फरवरी को शुरूआती कार्यक्रम कराया जाएगा. ” उन्होंने कहा कि इंग्लैंड 18 फरवरी को लाहौर पहुंचेगा, जबकि ऑस्ट्रेलिया 19 फरवरी को पहुंचेगा. सूत्र ने कहा, ”हमने आईसीसी के साथ मिलकर यह भी फैसला किया है कि सभी कप्तानों की कोई आधिकारिक सामूहिक प्रेस कांफ्रेंस नहीं होगी क्योंकि टूर्नामेंट से पहले सभी उपलब्ध नहीं होंगे और कोई आधिकारिक फोटो शूट भी नहीं होगा. ”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu