गुवाहाटी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को दावा किया कि मणिपुर में जातीय संघर्ष के बावजूद पार्टी अगले साल होने वाले आम चुनाव में राज्य की दोनों लोकसभा सीट जीतेगी. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए तैयार होने और पूरे क्षेत्र में संगठनात्मक ताकत बढ.ाने पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया ताकि वह अधिक से अधिक सीट जीत सके.
शर्मा ने यहां क्षेत्र की ‘विस्तारक’ बैठक को संबोधित करते हुए कहा, ”लोग पूछ रहे हैं कि मणिपुर में भाजपा का प्रदर्शन कैसा रहेगा? मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि हम राज्य की दोनों लोकसभा सीट जीतेंगे.” उन्होंने कहा, ”हालांकि अभी झड़पें हो रही हैं, लेकिन जब नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने की बात आयेगी तो पूरा पूर्वोत्तर एकजुट हो जायेगा.” उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा किये गये विकास कार्यों के कारण मणिपुर में आवश्यक वस्तुओं की कीमतें 2012 की तुलना में उतनी नहीं बढ.ी हैं जब राज्य में विभिन्न मांगों को लेकर विभिन्न संगठनों ने लंबे समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया था.
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा, ”यदि सिलचर-जिरिबाम सड़क नहीं होती तो आज की स्थिति में पेट्रोल और डीजल की कीमतें 1,000 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई होतीं. वर्ष 2012 में यह मार्ग नहीं था और इन उत्पादों को इंफाल तक हवाई मार्ग से ले जाना पड़ता था और कीमतें 350-400 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई थीं.” उन्होंने कहा, ”आवश्यक वस्तुओं की कीमतें भी उस हद तक नहीं बढ.ी हैं जितनी 2012 में थीं. (इंफाल) घाटी में आपूर्ति बाधित नहीं हुई है.” शर्मा ने पार्टी सदस्यों से यह भी कहा कि वे इस बात को लेकर अटकलें न लगाएं कि भाजपा किन सीटों पर चुनाव लड़ेगी और कौन सी सीट वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में अपने सहयोगियों के लिए छोड़ेगी.
उन्होंने कहा, ”राजग एक वास्तविकता है. प्रधानमंत्री ने कहा है कि हमें राजग की भावना को बनाये रखना है. हम किस सीट पर चुनाव लड़ेंगे या कोई सहयोगी दल चुनाव लड़ेगा, इसका फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा.” उन्होंने कहा, ”यहां तक कि उन सीटों पर भी जहां आज के परिदृश्य में भाजपा के पास कोई मौका नहीं है, हमें अपनी ताकत का पता लगाने और उस पर काम शुरू करने की जरूरत है. हमें दीर्घकालिक एजेंडे के साथ काम करना होगा.” शर्मा ने कहा कि भाजपा की असम इकाई के मंत्री और लोकसभा सांसद चुनाव तैयारियों पर चर्चा के लिए बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में बैठक करेंगे.
उन्होंने कांग्रेस पर भी कटाक्ष किया और उस पर सत्ता में अपने कार्यकाल के दौरान देश के लिए काम नहीं करने का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया, ”कांग्रेस ने कभी भी सामाजिक उत्थान के लिए काम नहीं किया. इसने कभी भी देश की आर्थिक आजादी के लिए काम नहीं किया. इसने केवल परिवारवाद की राजनीति को बढ.ावा दिया है.”