मंदिर जाने को लेकर ट्रोल किए जाने पर सारा बोलीं, ”अपनी मान्यताओं का पालन करती रहूंगी”

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 31 May 2023 09:20 PM
मंदिर जाने को लेकर ट्रोल किए जाने पर सारा बोलीं, ”अपनी मान्यताओं का पालन करती रहूंगी”
ऑडियो सुनें

इंदौर. दर्शन-पूजन के लिए मंदिरों में जाने को लेकर सोशल मीडिया पर अक्सर ट्रोल का सामना करने वाली अभिनेत्री सारा अली खान ने बुधवार को कहा कि वह अपनी मान्यताओं का पालन करती रहेंगी. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अभिनय की कसौटी पर आंका जाना चाहिए और इससे उन्हें कोई दिक्कत नहीं है कि इंटरनेट पर लोग उनके बारे में क्या राय रखते हैं.

खान ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा,”मैं पूरी ईमानदारी से दोहराना चाहूंगी कि मैं दर्शकों के लिए किए जाने वाले अपने काम को बहुत गंभीरता से लेती हूं. अगर आपको मेरा काम अच्छा न लगे, तो मुझे बुरा लगेगा लेकिन मेरी निजी मान्यताएं मेरी अपनी हैं.” सैफ अली खान और अमृता सिंह की 27 वर्षीय बेटी ने कहा,”मैं अजमेर शरीफ भी उतनी ही शिद्दत से जाऊंगी, जितनी शिद्दत से मैं गुरुद्वारा बंगला साहिब या महाकालेश्वर मंदिर जाती हूं. मैं इन धार्मिक स्थलों पर जाती रहूंगी. लिहाजा जिन लोगों को (सोशल मीडिया पर) मेरे बारे में जो भी बोलना है, वे बोल सकते हैं. मुझे इससे कोई भी दिक्कत नहीं है.”

सारा, दो जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली अपनी फिल्म ”जरा हटके, जरा बचके” के प्रचार के लिए साथी अभिनेता विक्की कौशल के साथ इंदौर आई थीं. इससे पहले, सारा ने नजदीकी शहर उज्जैन में महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए और वह इस प्राचीन शिव मंदिर में तड़के भस्म आरती में भी शामिल हुईं. अभिनेता विक्की कौशल ने कहा कि ट्रोलिंग को लेकर सवाल उन लोगों से किए जाने चाहिए जो सोशल मीडिया पर किसी हस्ती को ट्रोल(आलोचना) करते हैं.

कौशल ने कहा,”अगर मीडिया किसी हस्ती से उसे ट्रोल किए जाने के बारे में सवाल करता है, तो इससे ट्रोल करने वालों की अहमियत बढ. जाती है. अगर मैं सड़क पर चल रहा हूं और कोई व्यक्ति मुझे गाली देता है, तो सवाल मुझसे नहीं, बल्कि मुझे गाली देने वाले व्यक्ति से किया जाना चाहिए कि वह मुझे गाली क्यों दे रहा है.” 35 वर्षीय अभिनेता ने कहा कि इंटरनेट एक खुला माध्यम है और इस पर कोई व्यक्ति कुछ भी बोल सकता है. कौशल ने कहा,”अब यह तो आपकी मर्जी है कि आप इंटरनेट पर आपकी तारीफ करने वाले लोगों पर ध्यान देते हैं या आपको गाली देने वाले लोगों पर?”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu