‘ओपेनहाइमर’ के निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन और पत्नी एमा थॉमस ‘ब्रिटिश नाइटहुड’ से होंगे सम्मानित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 29 Mar 2024 07:42 PM
‘ओपेनहाइमर’ के निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन और पत्नी एमा थॉमस ‘ब्रिटिश नाइटहुड’ से होंगे सम्मानित
ऑडियो सुनें

लंदन. लोकप्रिय फिल्म ‘ओपेनहाइमर’ के निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन और उनकी पत्नी एवं निर्माता एमा थॉमस को फिल्म जगत में उनके योगदान और सेवाओं के लिए ‘ब्रिटिश नाइटहुड’ और ‘डेमहुड’ की मानद उपाधि से सम्मानित किया जाएगा. ब्रिटेन की सरकार ने एक बयान में यह जानकारी दी.

क्रिस्टोफर नोलन ने “परमाणु बम के जनक” माने जाने वाले जे रॉबर्ट ओपेनहाइमर के जीवन पर आधारित ‘ओपेनहाइमर’ नामक फिल्म बनाई है. इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के ऑस्कर पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था. ‘ओपेनहाइमर’ सर्वश्रेष्ठ फिल्म और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक समेत कुल सात ऑस्कर पुरस्कार जीते थे.

क्रिस्टोफर नोलन और पत्नी एमा थॉमस को ‘ब्रिटिश नाइटहुड’ से सम्मानित किए जाने की घोषणा थोड़ी हैरान करने वाली भी है, क्योंकि इन्हें आम तौर पर साल में दो बार प्रदान किया जाता है, एक बार नए साल के मौके पर और फिर महाराजा चार्ल्स तृतीय के जन्मदिन के अवसर पर.

ये सम्मान कभी-कभी खेल और कला जगत में विशेष उपलब्धियों के लिए भी प्रदान किए जाते हैं. यह सम्मान औपचारिक रूप से बकिंघम पैलेस में एक समारोह में प्रदान किया जाता है, अक्सर इसे ब्रिटेन के सम्राट द्वारा व्यक्तिगत रूप से प्रदान किया जाता है. हालांकि, चार्ल्स फिलहाल कोई शाही कर्तव्य नहीं निभा रहे हैं, क्योंकि उनका कैंसर का इलाज चल रहा है. क्रिस्टोफर नोलन का जन्म ब्रिटेन की राजधानी लंदन में हुआ था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu