विपक्ष पूरी तरह से एकजुट, लोकसभा चुनाव में उसे नहीं रोक पाएगी भाजपा: शिवपाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Jul 2023 07:43 PM
विपक्ष पूरी तरह से एकजुट, लोकसभा चुनाव में उसे नहीं रोक पाएगी भाजपा: शिवपाल
ऑडियो सुनें

लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता एवं विधायक शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को दावा किया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विपक्ष को खत्म करना चाहती है, लेकिन विपक्षी दल पूरी तरह से एकजुट हैं और आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा उन्हें रोक नहीं पाएगी.

यादव ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में भाजपा पर विपक्ष को खत्म करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए कहा, “उनका (भाजपा) यही काम है कि विपक्ष खत्म हो, लेकिन विपक्ष मिलकर 2024 में चुनाव लड़ेगा और मजबूती के साथ लड़ेगा. फिर यह (भाजपा) विपक्ष को रोक नहीं पाएंगे.”

उन्होंने कहा, “विपक्ष पूरी तरह से एक है.” समाजवादी पार्टी में खुद को अपेक्षित जगह नहीं मिल पाने के भाजपा के दावों के बारे में यादव ने कहा, “देखिए, हम लोग एक हैं. पूरी तरह से समाजवादी हैं. हम लोगों ने तो नेताजी (सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव) से लेकर अब तक जितने भी समाजवादी नेता रहे हैं, सबके साथ काम किया है लेकिन यह सब बातें कोई न कोई रणनीति का हिस्सा होती हैं. सबको थोड़ी बताया जाता है. जैसे ही चुनाव आएगा सबको पता लग जाएगा. समाजवादी पार्टी और मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और भाजपा को हराएगी.”

पूर्व मंत्री ने महाराष्ट्र में टूट चुकी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के संस्थापक पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार की तुलना समाजवादी पार्टी के संस्­थापक मुलायम सिंह यादव से करते हुए कहा, “उनका काम करने का तरीका नेताजी की तरह है. जब-जब इस तरीके के संकट आये हैं, तब शरद पवार उभरकर ही आये हैं. जहां तक मैं शरद पवार जी को जानता हूं तो वह कभी डरे नहीं. कभी दबे नहीं. अब जब भी चुनाव आएगा तब शरद पवार और उभरकर आयेंगे. …वह भारी बहुमत से फिर जीतकर आएंगे. उनकी पार्टी में जो कुछ भी हुआ उससे उन्हें फायदा ही होगा.”

समाजवादी पार्टी में जल्द ही टूट होने के भाजपा के दावों के बारे में शिवपाल यादव ने कहा, “भाजपा के छोटे से लेकर बड़े नेता तक हमारे संपर्क में रहे, लेकिन हम लोग तो समाजवादी हैं और यह हमें हिला नहीं पाए. 2017 से लेकर 2022 और फिर अब तक हिला नहीं पाए. हम और अखिलेश फिर बैठ जाएंगे… इनको पता चल जाएगा और फिर इनके विधायक ढूंढे नहीं मिलेंगे.” सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया है कि सपा के बहुत से विधायक उनके संपर्क में हैं. इस बारे में पूछे जाने पर शिवपाल ने कहा, “हम उन्हें अच्छी तरह जानते हैं. वह हमेशा से भाजपा के टच में रहे हैं. वह कभी भाजपा से अलग थे ही नहीं. ”

यादव ने दावा किया कि वह राजभर के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र जहूराबाद का सिर्फ एक बार दौरा करेंगे और राजभर को अगला चुनाव लड़ने के लिए नया विधानसभा क्षेत्र ढूंढना पड़ेगा. समान नागरिक संहिता को लेकर शुरू की गई नई कवायद के बारे में पूछे जाने पर सपा नेता ने कहा, “जब भी चुनाव आते हैं तब भाजपा के लोग इसी तरीके से ध्रुवीकरण की बात करने लगते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu