‘विघटनकारी राजनीति’ का सहारा ले रहा है विपक्ष: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 28 Jul 2023 07:37 PM
‘विघटनकारी राजनीति’ का सहारा ले रहा है विपक्ष: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके नेता संसद में काले कपड़े पहनते हैं और वे देश को काले रंग से पोतना चाहते हैं क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के तहत देश की तरक्की उन्हें खटकती है.

भाजपा प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने विपक्ष को देश की आर्थिक वृद्धि में ‘तीसरी सबसे बड़ी बाधा’ करार दिया. उन्होंने कहा कि पहली दो बड़ी बाधाएं कोविड-19 का प्रकोप और यूक्रेन युद्ध हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को आगे बढ़ाने के कई चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया है. उन्होंने कहा कि विपक्षी दल ‘विघटनकारी राजनीति’ कर रहे हैं क्योंकि वे जानते हैं कि 2024 के लोकसभा चुनावों में उनके लिए कोई जगह नहीं है.

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि वे संसद में जो कुछ भी कर रहे हैं वह सत्ता के लालच के कारण कर रहे है क्योंकि उन्हें लोगों और देश की कोई परवाह नहीं है. विपक्षी सदस्य मणिपुर मुद्दे पर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए बृहस्पतिवार को काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे थे. विपक्षी दल मणिपुर हिंसा पर चर्चा से पहले प्रधानमंत्री से संसद के दोनों सदनों में बयान देने की मांग कर रहे हैं. हालांकि सरकार ने अभी तक इस मांग को स्वीकार नहीं किया है. लिहाजा लगातार दूसरे हफ्ते संसद में व्यवधान बना रहा है.

भाजपा प्रवक्ता इस्लाम ने यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, ”वे काले कपड़े पहनकर संसद में आ रहे हैं. उनके कारनामे काले हैं और वे देश को काले रंग से पोतना चाहते हैं क्योंकि जब देश की तरक्की होती है तो उन्हें यह खटकती है.” उन्होंने कहा कि भारत के व्यापक आर्थिक मानदंड मजबूत हैं और चालू खाते का घाटा पूर्ववर्ती संप्रग सरकार के कार्यकाल में सात प्रतिशत से अधिक रहने के मुकाबले वर्तमान दो प्रतिशत से नीचे है तथा औसत मुद्रास्फीति पिछली सरकार की तुलना में करीब 2.5 प्रतिशत कम है.

उन्होंने कहा, ”जो लोग काले कपड़े पहनते हैं, वे अपनी आंखें ढक सकते हैं लेकिन वे लोगों की आंखों को ढक नहीं सकते. वैश्विक निकाय ऐसे समय में भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती के बारे में लिख रहे हैं जब चीन कमजोर हो रहा है.” उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार 2027 तक बढ़कर 5,500 अरब डॉलर हो जाएगा और वह जापान और जर्मनी को पीछे छोड़कर तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगी. उन्होंने कहा कि 2023-24 के लिए अनुमानित वृद्धि दर 6.5-6.7 प्रतिशत है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu