पाकिस्तान के ‘हमदर्द’ कांग्रेस और सपा अब भारत को डराने में जुटे हैं: मोदी

बस्ती/श्रावस्ती. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर पाकिस्तान का ‘हमदर्द’ होने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि पड़ोसी मुल्क तो पस्त पड़ गया है लेकिन इन दोनों विपक्षी दलों के लोग उसके पास ‘एटम बम’ होने की बात कहकर भारत को डरा रहे हैं.

मोदी ने आरोप लगाया कि घोर साम्प्रदायिकता, जातिवाद और परिवारवाद की ‘विनाशकारी’ बीमारियों से घिरी कांग्रेस और सपा ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’, ‘जनधन बैंक खातों’ और ‘हर घर नल से जल’ और बिजली पहुंचाने के मौजूदा भाजपा नीत सरकार के फैसलों को पलटने के लिये वोट मांग रही हैं. प्रधानमंत्री ने बस्ती और श्रावस्ती जिलों में बस्ती, संत कबीर नगर, डुमरियागंज और श्रावस्ती लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए सपा और कांग्रेस पर जमकर प्रहार किये.

उन्होंने कहा, ”आतंक का सरपरस्त देश जो हमें आंखें दिखाता था, आज उसकी हैसियत वैसी हो गई है कि ‘ना घर का ना घाट का’. पाकिस्तान तो पस्त पड़ गया है, लेकिन उसके हमदर्द समाजवादी पार्टी और कांग्रेस वाले अब भारत को डराने में जुटे हैं. ये लोग कहते हैं कि पाकिस्तान से डरो क्योंकि उसके पास एटम बम है.” मोदी ने कहा, ”आज भारत में कांग्रेस की कमजोर सरकार नहीं है बल्कि मोदी की मजबूत सरकार है. अगर डरना है तो वे लोग डरें जो मानवता में विश्वास नहीं करते, जो आए दिन खून की नदियां बहाते हैं. भारत किसी को डराना नहीं चाहता लेकिन भारत हमें डराने वालों को कभी बख्शेगा नहीं. भारत आज घर में घुसकर मारता है.”

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर आरोप लगाते हुए कहा, ”यह कहते हैं कि मोदी ने जो काम किया है हम उसको पलटने के लिए सत्ता में आएंगे. मोदी के कामों को पलटना ही इनका एजेंडा है.” उन्होंने आरोप लगाया, ”पिछले 10 साल में मोदी ने चार करोड़ गरीबों को पक्के घर दिए. अब सपा-कांग्रेस वाले सब फैसलों को पलटने का निर्णय कर चुके हैं यानी चार करोड़ घरों की जो चाबी है वह आपसे ले लेंगे, मकान छीन लेंगे और अपने वोट बैंक को दे देंगे.ह्व उन्होंने दावा किया, ह्लइसके अलावा मोदी ने 50 करोड़ से ज्यादा लोगों के जनधन खाते खुलवाए हैं. यह आपके बैंक खाते बंद कर देंगे और उसका पैसा छीन लेंगे. मोदी ने हर गांव में बिजली पहुंचाई. यह आपके घर में बिजली कनेक्शन कटवा कर फिर अंधेरा कर देंगे.”

प्रधानमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा, ”मोदी घर-घर पानी पहुंचा रहा है. सपा-कांग्रेस वाले आपके घर की पानी की टोटी भी खोल कर ले जाएंगे और इसमें तो इनकी महारत है. क्या आप सपा कांग्रेस को ऐसा करने देंगे? मोदी ने देश हित में जो फैसले लिए वह ‘इंडी’ (इंडिया) गठबंधन वालों के बस की बात नहीं है. अरे क्या-क्या पलटोगे… क्या-क्या बदलोगे?”

उन्होंने दावा किया, ”’इंडी’ (इंडिया) गठबंधन में तीन ऐसी भयंकर बीमारियां हैं जो पूरे देश को बर्बाद कर देंगी. उनकी सबसे बड़ी बीमारी यह है कि वे लोग घोर सांप्रदायिक हैं, दूसरी गंभीर बीमारी है कि वे घोर जातिवादी लोग हैं और तीसरी बीमारी है कि वे घोर परिवारवादी हैं. यह तीनों बीमारियां देश के लिए कैंसर से भी ज्यादा विनाशकारी बन सकती हैं.”

मोदी ने एक बार फिर आरोप लगाया, “कांग्रेस कहती है कि देश की सम्पत्ति पर पहला अधिकार मुसलमानों का है. कांग्रेस के लोग जनता की कमाई छीनकर ‘जिहाद वाले वोट बैंक’ में बांटना चाहते हैं.” प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनी तो संशोधित नागरिकता कानून रद्द कर दिया जाएगा, कश्मीर में अनुच्छेद 370 फिर से लागू कर दिया जाएगा. उन्होंने दावा किया कि इसका मतलब होगा कि जो आतंकवादी आज जेल में है, उन्हें कांग्रेस के लोग प्रधानमंत्री के घर में बुलाकर बिरयानी खिलाएंगे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button