‘हेरा फेरी 3’ छोड़ने को लेकर अक्षय कुमार के मुकदमे पर परेश रावल ने दिया जवाब

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 25 May 2025 08:17 PM
‘हेरा फेरी 3’ छोड़ने को लेकर अक्षय कुमार के मुकदमे पर परेश रावल ने दिया जवाब
ऑडियो सुनें

मुंबई. बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता परेश रावल ने रविवार को कहा कि उन्होंने “हेरी-फेरी” सीरीज की तीसरी फिल्म से अचानक हटने के लिए अभिनेता अक्षय कुमार की ओर से दायर मुकदमे का जवाब दे दिया है. रावल के अचानक फिल्म से हटने के बाद मनोरंज उद्योग और इन फिल्मों के प्रशंसक हैरान रह गए थे, जो लगभग 20 साल के बाद तीसरी फिल्म आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे.
“हेरा फेरी 3” के निर्माता और अभिनेता अक्षय कुमार ने मुकदमा दायर करके रावल से हर्जाने के तौर पर 25 करोड़ रुपये की मांग की है.
रावल ने विवाद पर चुप्पी तोड़ते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उनके वकील ने मुकदमे का जवाब दिया है.

“हेरा फेरी” में बाबूराव गणपतराव आप्टे की भूमिका निभाने वाले रावल (69) ने लिखा, “मेरे वकील अमीक नाइक ने फिल्म से हटने के मेरे अधिकार के बारे में उचित जवाब भेजा है. जब वे मेरा जवाब पढ़ लेंगे तो सारे मुद्दे सुलझ जाएंगे. ” “हेरा फेरी 3” में रावल एक बार फिर कुमार और सुनील शेट्टी के साथ अभिनय करने वाले थे. वर्ष 2000 में आई मूल फिल्म का निर्देशन करने वाले फिल्मकार प्रियदर्शन भी इसका हिस्सा बनने वाले थे.

अक्षय कुमार की ‘केप ऑफ गुड फिल्म्स’ का प्रतिनिधित्व करने वाले एक वकील ने हाल ही में कहा था कि फिल्म से बाहर निकलने के रावल के फैसले के “गंभीर कानूनी परिणाम” हो सकते हैं. कुमार के बैनर का प्रतिनिधित्व करने वालीं परिनम लॉ एसोसिएट की ‘जाइंट मैनेजिंग पार्टनर’ पूजा तिड़के ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “मुझे लगता है कि इसके गंभीर कानूनी परिणाम होंगे. इससे निश्चित रूप से फ्रैंचाइज को नुकसान होगा. हमने उन्हें पत्र लिखकर बताया है कि इसमें कई कानूनी परिणाम शामिल हैं. कलाकारों, निर्माण दल, प्रमुख वरिष्ठ अभिनेताओं, उपकरणों, ट्रेलर की शूटिंग पर खर्च किया जा चुका है.” उन्होंने कहा कि रावल ने जनवरी में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से फिल्म का हिस्सा बनने का संकेत दिया था.

उन्होंने कहा, “इसके बाद ट्रेलर की शूटिंग के लिए अनुबंध किए गए. वास्तव में, फिल्म का लगभग साढ़े तीन मिनट का हिस्सा शूट किया गया था. अचानक, कुछ दिन पहले, हमें परेश जी से एक नोटिस मिला जिसमें कहा गया था कि वह अब फिल्म से जुड़े नहीं हैं और फिल्म से जुड़ना नहीं चाहते हैं. इससे सभी आश्चर्यचकित रह गए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu