‘परीक्षा पे चर्चा’ एक महीने में सर्वाधिक पंजीकरण के लिए ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘परीक्षा पे चर्चा’ पहल ”एक महीने में नागरिक सहभागिता मंच पर सबसे अधिक लोगों के पंजीकरण” के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुई है. शिक्षा मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम के आठवें संस्करण के दौरान 3.53 करोड़ वैध पंजीकरण प्राप्त हुए. प्रधानमंत्री मोदी ‘परीक्षा पे चर्चा’ पहल के तहत छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से सीधे संवाद करते हैं, जिसका उद्देश्य परीक्षा की अवधि को ”सकारात्मकता, तैयारी और उद्देश्यपूर्ण सीखने के उत्सव” में बदलना है, जिससे परीक्षाएं तनाव के बजाय प्रोत्साहन का समय बन जाएं.

‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ का प्रमाणपत्र औपचारिक रूप से दिए जाने के कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, ”परीक्षा पे चर्चा को तनाव को सीखने के उत्सव में बदलकर परीक्षाओं के प्रति राष्ट्रीय दृष्टिकोण के रूप में पुनर्परिभाषित किया गया है. इस कार्यक्रम के आठवें संस्करण ने 2025 में सभी मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुल 21 करोड़ से अधिक दर्शकों की संख्या दर्ज की.” उन्होंने कहा, ”परीक्षा पे चर्चा 2025 में भारी भागीदारी को समग्र और समावेशी शिक्षा के प्रति देश की सामूहिक प्रतिबद्धता और विकसित भारत के दृष्टिकोण के प्रतिबिंब के रूप में देखा जाता है.” इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ‘परीक्षा पे चर्चा’ को एक अनूठी पहल बताया जो छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को कल्याण और तनाव मुक्त शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक साथ लाती है.

‘परीक्षा पे चर्चा’ एक वार्षिक कार्यक्रम है जिसमें प्रधानमंत्री बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्रों के साथ संवाद करते हैं. इस कार्यक्रम के दौरान, वह परीक्षा के तनाव और अन्य मुद्दों से संबंधित छात्रों के प्रश्नों के उत्तर भी देते हैं. स्कूल और कॉलेज के छात्रों के साथ प्रधानमंत्री के संवाद कार्यक्रम का पहला संस्करण फरवरी 2018 में तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित किया गया था.

इसका सातवां संस्करण प्रगति मैदान के भारत मंडपम में ‘टाउन हॉल’ प्रारूप में आयोजित किया गया, जिसमें देश-विदेश से प्रतिभागियों ने भाग लिया. आठवां संस्करण एक अलग प्रारूप में आयोजित किया गया, जिसमें आध्यात्मिक नेता सद्गुरु, अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, छह बार की विश्व चैंपियन मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम जैसी प्रसिद्ध हस्तियां शामिल हुईं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button