महज दिखावा बनकर रह गई हैं संसदीय समितियां: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 Jan 2025 08:24 PM
महज दिखावा बनकर रह गई हैं संसदीय समितियां: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि वक्फ (संशोधन) विधेयक संबंधी संसद की संयुक्त समिति (जेपीसी) के कामकाज के तरीके को लेकर विपक्षी नेताओं ने सर्वदलीय बैठक में अपना विरोध दर्ज कराया. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह आरोप भी लगाया कि वर्तमान सरकार में संसदीय समितियां महज एक दिखावा बनकर रह गई हैं.

सर्वदलीय बैठक के बाद रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”संसद सत्र शुरू होने से पहले पारंपरिक रूप से होने वाली सर्वदलीय बैठक में आज सुबह सभी विपक्षी नेताओं ने वक्फ संशोधन विधेयक संबंधी जेपीसी के कामकाज के तरीके पर कड़े शब्दों में अपना विरोध व्यक्त किया.” उन्होंने आरोप लगाया, ”सभी संसदीय परंपराओं और प्रथाओं का पूरी तरह से मजाक बना दिया गया है. ऐसी समितियां एक ताकत हुआ करती थीं – अब वे महज एक दिखावा बनकर रह गई हैं.”

वक्फ (संशोधन) विधेयक पर विचार करने वाली संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने बृहस्पतिवार को समिति की रिपोर्ट लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को सौंप दी. समिति ने बुधवार को 655 पृष्ठों वाली इस रिपोर्ट को बहुमत से स्वीकार किया था, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझाव समाहित हैं. विपक्षी सदस्यों ने इसे असंवैधानिक करार दिया और आरोप लगाया कि यह कदम वक्फ बोर्डों को बर्बाद कर देगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu