पाला बदलने के लिए धन के जाल में न फंसे पार्टी कार्यकर्ता : उद्धव ठाकरे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 15 Jun 2025 10:09 PM
पाला बदलने के लिए धन के जाल में न फंसे पार्टी कार्यकर्ता : उद्धव ठाकरे
ऑडियो सुनें

मुंबई. शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे पाला बदलने के लिए पैसों के प्रलोभन में न आएं और मुंबई की खातिर एकजुट रहें. यह टिप्पणी महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) समेत विभिन्न स्थानीय और नगर निकायों के चुनावों से पहले आई है. संभवत: इस वर्ष के आखिर में इन निकायों के चुनाव हो सकते हैं.

जून 2022 में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में विद्रोह होने के बाद शिवसेना विभाजित हो गयी थी, परिणामस्वरूप ठाकरे के नेतृत्व वाली तत्कालीन महा विकास अघाड़ी सरकार गिर गई. पार्टी के एक सूत्र ने बताया कि ठाकरे ने रविवार को मुंबई में शिवसेना (उबाठा) शाखा प्रमुखों की बंद कमरे में हुई बैठक को संबोधित किया. सूत्र ने ठाकरे के हवाले से कहा कि शाखा प्रमुख और निचले स्तर के अन्य कार्यकर्ता पार्टी की मुख्य ताकत हैं तथा उनकी एकता एवं ताकत के कारण ही संगठन ने अतीत में मुंबई में चुनाव जीते हैं.

सूत्र ने ठाकरे के हवाले से कहा, ”नगर निगम चुनाव के लिए एकता जरूरी है. आपको पाला बदलने के लिए पैसों की पेशकश की जा सकती है. कितने समय तक के लिए ये पैसे काफी होंगे? जो लोग उद्धव ठाकरे और शिवसेना को खत्म करना चाहते हैं, उनके दिमाग में सिर्फ धंधे का नजरिया है. वे मुंबई को बेचना चाहते हैं और इसे कॉरपोरेट को सौंपना चाहते हैं.” पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ” जो लोग पैसे के लालच में फंस जाते हैं, वे यह नहीं समझते कि उनका इस्तेमाल किया जा रहा है और बाद में उन्हें फेंक दिया जाएगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu