पीसीबी आशंकित लेकिन आईसीसी को यकीन कि भारत में विश्व कप खेलेगा पाकिस्तान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 Jun 2023 08:06 PM
पीसीबी आशंकित लेकिन आईसीसी को यकीन कि भारत में विश्व कप खेलेगा पाकिस्तान
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/कराची. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड वनडे विश्व कप के लिये भारत में अपनी टीम भेजने को लेकर अभी भी आशंकित है लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को यकीन है कि बाबर आजम की कप्तानी वाली टीम भारत में 50 ओवरों का विश्व कप खेलेगी. आईसीसी ने मंगलवार को पांच अक्टूबर से 19 नवंबर तक होने वाले वनडे विश्व कप का कार्यक्रम जारी किया . इसके साथ ही कुछ टीमों के खिलाफ पाकिस्तान के मैच चेन्नई और बेंगलुरू में कराने का पीसीबी का अनुरोध भी ठुकरा दिया. पीसीबी चेन्नई की र्टिनंग पिच पर अफगानिस्तान से और बेंगलुरू में आस्ट्रेलिया से नहीं खेलना चाहता.

विश्व कप के कार्यक्रम की घोषणा के बाद पीसीबी ने साफ तौर पर कहा कि उसका खेलना सरकार से मंजूरी मिलने पर निर्भर करता है .
पीसीबी के एक अधिकारी ने कहा ,” विश्व कप में हमारा खेलना और 15 अक्टूबर को अहमदाबाद में या सेमीफाइनल में पहुंचने पर मुंबई में खेलना सरकार से मंजूरी मिलने पर निर्भर करता है .” वहीं आईसीसी के एक प्रवक्ता ने कहा ,” सभी सदस्यों को अपने देश के कानून का पालन करना है और हम उसका सम्मान करते हैं . लेकिन हमें यकीन है कि पाकिस्तानी टीम वनडे विश्व कप खेलने भारत आयेगी.” पाकिस्तान ने आखिरी बार 2016 टी20 विश्व कप में भारत में खेला था . दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों में तनाव के कारण दोनों टीमें आईसीसी टूर्नामेंटों या एशिया कप में ही एक दूसरे से खेलती हैं.

यह लगभग तय ही था कि दो मैच अन्यत्र कराने का पाकिस्तान का अनुरोध बीसीसीआई ठुकरा देगा क्योंकि आम तौर पर सुरक्षा को लेकर खतरे की दशा में ही वह ऐसे अनुरोध मानता है. पीसीबी अध्यक्ष पद के चुनाव अब 17 जुलाई तक टल गए हैं तो देखना है कि बोर्ड विश्व कप के कार्यक्रम पर किस तरह से प्रतिक्रिया व्यक्त करता है. नजम सेठी के इस्तीफे के बाद बोर्ड का कामकाज अंतरिम अध्यक्ष अहमद शहजाद फारूक राणा देख रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu