विमान हादसा : मृतक को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट मामले में केरल का सरकारी कर्मचारी गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 13 Jun 2025 10:59 PM
विमान हादसा : मृतक को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट मामले में केरल का सरकारी कर्मचारी गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

कसारगोड़/तिरुवनंतपुरम. केरल के एक सरकारी कर्मचारी को फेसबुक पर राज्य की एक नर्स के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया. नर्स की अहमदाबाद विमान हादसे में मौत हो गयी थी. पुलिस ने बताया कि कासरगोड़ जिले के वेल्लारीकुंडु तालुक कार्यालय में उप तहसीलदार की जिम्मेदारी संभाल रहे कनिष्ठ अधीक्षक ए. पवित्रन को नायर समुदाय की रंजीता के खिलाफ यौन उत्पीड़न और जाति संबंधित टिप्पणी से अपमानित करने के आरोप में निलंबित किया गया था. उसने बताया कि इसके कुछ घंटे बाद ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

कासरगोड़ जिले के होसदुर्ग थाने के एक अधिकारी के अनुसार, पवित्रन पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75(1)(4) (यौन संबंधी टिप्पणी करना), 79 (महिला का अपमान करने का इरादा) और 196(1)(ए) (जाति के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ.ावा देना) के तहत मामला दर्ज किया गया है. अधिकारी ने बताया कि उसके खिलाफ सूचना एवं प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 67 (ए) (इलेक्ट्रॉनिक रूप में अश्लील सामग्री प्रकाशित या प्रसारित करने के लिए दंड) के तहत भी मामला दर्ज किया गया है.

रंजीता दो बच्चों की मां थीं और ब्रिटेन में नर्स के रूप में काम कर रही थीं. वह विदेश में कुछ समय बिताने के बाद फिर से सरकारी सेवा में शामिल होने की योजना के साथ अपनी नौकरी से संबंधित औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए चार दिवसीय यात्रा पर केरल आई थीं. फेसबुक पोस्ट में, राज्य के राजस्व मंत्री के. राजन ने पवित्रन की टिप्पणी को ‘अपमानजनक’ बताया और कहा कि पोस्ट उनके ध्यान में आने के तुरंत बाद निलंबन आदेश जारी कर दिया गया.

पवित्रन की मुश्किलें तब और बढ. गईं जब कासरगोड के जिलाधिकारी ने शुक्रवार को सख्त कार्रवाई की सिफारिश करते हुए कहा कि वह सरकारी सेवा में बने रहने के लिए अयोग्य हैं. इस बीच, राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज पतनमथिट्टा जिले के पुल्लाड में रंजीता के घर पहुंचीं और उनके दो बच्चों और शोकाकुल परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu