प्रधानमंत्री मोदी ने राजग सांसदों के लिए रात्रिभोज की मेजबानी की, मिलकर काम करने का संकल्प

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को अपने आवास पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के सांसदों के लिए रात्रिभोज की मेजबानी की और भारत की विकास यात्रा को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प जताया.

प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ राजग परिवार सुशासन, राष्ट्रीय विकास और क्षेत्रीय आकांक्षाओं के प्रति साझा प्रतिबद्धता का प्रतिनिधित्व करता है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम आने वाले वर्षों में अपने राष्ट्र के विकास पथ को सुदृढ़ करने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे.’’ सांसद अलग-अलग समूहों में बसों में सवार होकर प्रधानमंत्री आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पहुंचे. यह रात्रिभोज हाल ही में बिहार चुनावों में राजग की शानदार जीत के बाद दिया गया है, जिसमें गठबंधन ने 243 सदस्यीय राज्य विधानसभा में 202 सीटें हासिल कीं.

गठबंधन के साझेदारों में, भाजपा ने 89 सीट, जद (यू) ने 85, लोजपा (रामविलास) ने 19, ंिहदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) ने पांच और राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने चार सीटें जीतीं. सोमवार को, बिहार के राजग नेताओं ने राज्य में गठबंधन की इस बड़ी जीत के लिए प्रधानमंत्री को बधाई दी. मोदी ने उनसे जनता के कल्याण के लिए और अधिक जोश के साथ काम करने को कहा.

मंगलवार को राजग संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब पूरी तरह से “सुधार एक्सप्रेस” चरण में है, जहां सुधार तेजी से और स्पष्ट इरादे के साथ हो रहे हैं. मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार के सुधार पूरी तरह से नागरिक-केंद्रित हैं, न कि केवल आर्थिक या राजस्व-केंद्रित और इसका लक्ष्य लोगों के दैनिक जीवन की बाधाओं को दूर करना है ताकि वे अपनी पूरी क्षमता का विकास कर सकें.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button