PM मोदी ने देश के विकास को बढ़ावा देने के लिए सहकारी समितियों, कॉरपोरेट और NGO को शामिल किया: अमित शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Jul 2023 07:50 PM
PM मोदी ने देश के विकास को बढ़ावा देने के लिए सहकारी समितियों, कॉरपोरेट और NGO को शामिल किया: अमित शाह
ऑडियो सुनें

मेहसाणा. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि पिछले नौ सालों में देश के विकास की गति बढ़ी है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकास की इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में सहकारी समितियों, विभिन्न कॉरपोरेट, गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) और लोगों को व्यक्तिगत रूप से शामिल किया है.

शाह सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत उत्तरी गुजरात के मेहसाणा में बनने वाले एक सैनिक स्कूल की आधारशिला रखने के दौरान एक सभा को संबोधित कर रहे थे. मेहसाणा जिले के बोरियावी गांव में बनने वाला यह सैनिक स्कूल केंद्र सरकार की उस पहल का हिस्सा है जिसके तहत ऐसे 100 स्कूल पीपीपी माध्यम से बनाए जाने हैं.

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने साझेदारी मॉडल में 100 सैनिक स्कूल स्थापित करने का आह्वान किया था और पीपीपी मॉडल के तहत मेहसाणा में स्थापित किया जा रहा ‘मोतीभाई चौधरी सागर सैनिक स्कूल’ ऐसा 20वां स्कूल होगा जो विद्यार्थियों को सशस्त्र बलो में प्रवेश का सरल और आसान रास्ता प्रदान करेगा.

पहले की सरकारों में विकास की गति बहुत धीमी होने का आरोप लगाते हुए शाह ने कहा, ”अपने शासन के नौ सालों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ना केवल देश की सुरक्षा और विकास के लिए काम किया और इसे विश्व में गौरव दिलाया, बल्कि बड़ी संख्या में सहकारी समितियों, विभिन्न कॉरपोरेट, गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) और लोगों को व्यक्तिगत रूप से विकास की प्रक्रिया में शामिल किया जिससे देश का विकास तेज गति से करने में मदद मिली.”

शाह ने कहा कि सैनिक स्कूल ऐसे विद्यार्थियों को तैयार करेंगे जो अपनी कड़ी मेहनत से भारत माता की सेवा करें. केंद्रीय मंत्री ने नये स्कूल की स्थापना के लिए आगे आने पर दूधसागर डेयरी दुग्ध सहकारी समिति और इसके अध्यक्ष अशोक चौधरी तथा समस्त बोर्ड को बधाई दी.

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तरी गुजरात में पानी की किल्लत को दूर करने के लिए कई पहल की हैं. उन्होंने कहा कि भूजल स्तर गिरने से उपजे जल संकट के कारण यह क्षेत्र ‘डार्क जोन’ में बदल गया है और लोगों को डर है कि कहीं यह कच्छ की तरह रेगिस्तान में ना बदल जाए. शाह ने उत्तरी गुजरात के जिलों में सहकारी दुग्ध उत्पादन को मजबूत करने में योगदान के लिए पूर्व विधायक मोतीभाई चौधरी की तारीफ की, जिनके नाम पर आगामी स्कूल का नाम रखा गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu