प्रधानमंत्री मोदी की ट्रंप को दो टूक से कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश हुआ: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 18 Jun 2025 08:15 PM
प्रधानमंत्री मोदी की ट्रंप को दो टूक से कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश हुआ: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बातचीत ने कांग्रेस के हर झूठ का ”पर्दाफाश” कर दिया है और यदि विपक्षी दल को इस पर विश्वास नहीं है तो उसे पाकिस्तान का ”साझेदार” माना जाना चाहिए.

भाजपा आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा, ”कांग्रेस और उसकी ट्रोल सेना इस तथ्य को पचा नहीं पा रही है कि प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप को स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत को किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता की न तो आवश्यकता है और न ही इसे स्वीकार करता है.” उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया, ”कांग्रेस को केवल अपनी छोटी-मोटी बातों के लिए भारत की दृढ़ और सैद्धांतिक विदेश नीति को बदनाम करना बंद करना चाहिए.” भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने मुख्य विपक्षी दल पर निशाना साधा और कहा कि ”कांग्रेस के हर झूठ का पर्दाफाश हो गया है.”

भाजपा के कई नेताओं ने कांग्रेस पर उस वक्त हमला बोला जब प्रधानमंत्री मोदी ने पहले ट्रंप के साथ टेलीफोन पर बातचीत की और उन्हें स्पष्ट रूप से कहा कि भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान पर हमले पड़ोसी देश के अनुरोध पर ”रोके” थे न कि अमेरिका द्वारा मध्यस्थता या किसी व्यापार समझौते की पेशकश के कारण. ट्रंप के साथ मंगलवार को फोन पर 35 मिनट तक हुई बातचीत में मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति को पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बारे में जानकारी दी और यह स्पष्ट किया कि भारत ने कभी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता स्वीकार नहीं की है और भविष्य में भी कभी स्वीकार नहीं करेगा.

इसको लेकर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विदेश दौरे से लौटते ही सर्वदलीय बैठक बुलाकर सभी राजनीतिक दलों को यह बताना चाहिए कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर उनकी क्या बातचीत हुई है. भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने पलटवार करते हुए कहा कि मोदी ने ट्रंप को स्पष्ट कर दिया कि किसी तीसरे देश ने मध्यस्थता नहीं की और भारत ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया.

उन्होंने कहा, ”अगर पाकिस्तान गोलियां चलाएगा, तो भारत बम से जवाब देगा. उसके बाद भी अगर कांग्रेस को भारत के रुख पर भरोसा नहीं है, तो यह माना जाना चाहिए कि पाकिस्तान और कांग्रेस साझेदार हैं.” मालवीय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के तहत भारत को ”कमजोर, तीसरी दुनिया के देश” के रूप में देखा जाता था.

उनका कहना था, ”आज, भारत एक उभरती हुई शक्ति है, विश्व स्तर पर एक चमकता सितारा. कोई भी झूठ उस सच्चाई को कम नहीं कर सकता.” उन्होंने रमेश पर ”राहुल गांधी की तरह जन्मजात झूठा” होने का भी आरोप लगाया, क्योंकि कांग्रेस नेता ने ट्रंप के साथ प्रधानमंत्री मोदी की ताजा बातचीत पर व्हाइट हाउस से जनवरी 2025 में दिए गए वक्तव्य को अभी के अमेरिकी बयान के रूप में उद्धृत किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu