प्रधानमंत्री मोदी की ‘मजबूत और संवेदनशील’ सरकार इजराइल से प्रत्येक भारतीय को सुरक्षित लाएगी: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 13 Oct 2023 09:25 PM
प्रधानमंत्री मोदी की ‘मजबूत और संवेदनशील’ सरकार इजराइल से प्रत्येक भारतीय को सुरक्षित लाएगी: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कहा कि भारत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मजबूत और संवेदनशील सरकार है जो इजराइल में फंसे प्रत्येक भारतीय की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करेगी. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने इजराइल से 200 से अधिक भारतीयों के पहले जत्थे को सुरक्षित वापस लाने के लिए सरकार की प्रशंसा की और इसे ‘अभूतपूर्व बचाव मिशन’ बताया.

उन्होंने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ”जब वहां इस तरह का भयावह दृश्य है, ऐसे में एक संवेदनशील और सुदृढ़ सरकार मजबूत कदम उठा रही है. ‘ऑपरेशन अजय’ के तहत विशेष विमान से 212 भारतीयों को सुरक्षित वापस लाया गया है. यह पूरे भारत के लिए गौरव का क्षण है.” छात्रों सहित भारतीयों का पहला जत्था शुक्रवार को तड़के एक विशेष उड़ान से इजराइल से स्वदेश लौटा.

भारत ने हमास के चरमपंथियों द्वारा शनिवार को इजराइल पर हमले किये जाने के बाद स्वदेश लौटने के इच्छुक लोगों की सुविधा के लिए ‘ऑपरेशन अजय’ चलाया है. उन्होंने कहा कि यह सफल अभियान दिखाता है कि मुश्किल वक्त में भी यदि किसी सरकार में जनता के लिए 24 घंटे काम करने की क्षमता और धैर्य है तो वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार है.

भाटिया ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को समझना चाहिए कि सरकार इजराइल में फंसे हुए भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने की जिम्मेदारी पूरी कर रही है और संसाधनों की कोई कमी नहीं है. उन्होंने कहा, ”मैं वहां भारतीयों से शांत और सुरक्षित रहने की अपील करता हूं. और हम सुनिश्चित करेंगे कि वे सभी सुरक्षित भारत लौटें. यह हमारी आपके लिए प्रतिबद्धता है.” भाटिया ने कहा, ”हम युद्धग्रस्त क्षेत्र में फंसे प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे.” उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री एस जयशंकर ‘ऑपरेशन अजय’ को चलाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं.

भाटिया ने कहा, ”पहले हम अमेरिका और ब्रिटेन जैसे विकसित देशों को युद्धग्रस्त क्षेत्रों से उनके नागरिकों को वापस लाने के लिए अभियान चलाते हुए देखते थे. वे दूसरे देशों के नागरिकों की भी मदद करते थे.” उन्होंने कहा, ”आज यह बड़ा बदलाव आया है कि भारत में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मजबूत सरकार है जिसके पास दृढ़ इच्छाशक्ति है. भारत आज न केवल अपने नागरिकों की रक्षा करता है बल्कि संकट के दौरान दूसरे देशों के नागरिकों की भी मदद करता है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu