प्रधानमंत्री सबको साथ लेकर चलने की बात करते हैं पर विपक्ष शासित राज्यों को निशाना बनाते हैं : ममता बनर्जी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 22 Aug 2023 07:40 PM
प्रधानमंत्री सबको साथ लेकर चलने की बात करते हैं पर विपक्ष शासित राज्यों को निशाना बनाते हैं : ममता बनर्जी
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सबको साथ लेकर चलने की बात करते हैं, लेकिन वह विपक्ष शासित राज्यों को निशाना बनाते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी के सदस्यों को अच्छे काम किए जाने पर भी केंद्रीय एजेंसियों द्वारा ‘बिना किसी कारण’ निशाना बनाया जा रहा है.

उन्होंने यह भी कहा कि रैगिंग और यौन उत्पीड़न के बाद यादवपुर विश्वविद्यालय में हुई छात्र की मौत से सबक लेते हुए राज्य सरकार इससे निपटने के लिए एक पुलिस हेल्पलाइन शुरू करने जा रही है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य में दुर्गा पूजा समारोह के आयोजकों के साथ एक बैठक में बोल रही थीं. उन्होंने राज्य सरकार द्वारा पूजा समितियों को दी जाने वाली अनुदान राशि को बढ़ाकर 70 हजार रुपये करने की भी घोषणा की.

उन्होंने कहा, ­”केंद्रीय एजेंसियों द्वारा बिना किसी वजह हमारे लोगों को निशाना बनाया जा रहा है. प्रधानमंत्री सबको साथ लेकर चलने की बात करते हैं, लेकिन विपक्ष शासित राज्यों को निशाना बनाते हैं. ईडी और सीबीआई चीटी काटने जैसी छोटी से छोटी घटना की जांच कर रही हैं.” प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने स्कूलों में कथित रोजगार घोटाले की जांच के सिलसिले में कोलकाता और उसके आसपास कई स्थानों पर सोमवार को छापेमारी की थी. कथित भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों में उनकी पार्टी के कई सदस्य पहले ईडी या सीबीआई की हिरासत में हैं.

बनर्जी ने कहा, ­ ”यादवपुर विश्वविद्यालय की घटना से सबक लेते हुए रैगिंग से निपटने के लिए हेल्पलाइन शुरू करने जा रहे हैं.” यादवपुर विश्वविद्यालय के स्नातक प्रथम वर्ष के एक छात्र की इस माह के शुरू में दूसरी मंजिल की बालकोनी से गिरने के कारण मौत हो गयी थी. इस सिलसिले में विश्वविद्यालय के 13 पूर्व एवं वर्तमान छात्रों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu