
चेन्नई: तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के तहत 23 अप्रैल को मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) तथा आॅल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) समेत राजनीतिक दलों ने ‘स्ट्रांग रूम’ पर 24 घंटे पाली के आधार पर निगरानी बनाए रखने का फैसला किया है।
मतदान के बाद अब चार मई को होने वाली मतगणना तक के लिए निर्वाचन आयोग ने ‘इलेक्ट्रॉनिक वोंिटग मशीन’ (ईवीएम) और ‘वोटर वेरिफिएबल पेपर आॅडिट ट्रेल’ (वीवीपैट) को स्ट्रांग रूम में स्थानांतरित कर दिया। हालांकि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और तमिलनाडु विशेष पुलिस बलों समेत कई सुरक्षा प्रणालियां तैनात की गईं, फिर भी राजनीतिक दलों ने ईवीएम की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपने कार्यकर्ताओं को मुस्तैद किया है।
अन्नाद्रमुक के कानूनी मामलों के संयुक्त सचिव आर. एम. बाबू मुरुगावेल ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''हमारे कार्यकर्ता पाली के आधार पर 24 घंटे उस परिसर में मौजूद रहेंगे जहां ईवीएम और वीवीपीएटी मशीन रखी गई हैं।" उन्होंने बताया कि सभी प्रवेश और निकास ंिबदुओं की गहन निगरानी की जाएगी तथा चार मई को मतगणना शुरू होने तक 'स्ट्रांग रूम' का पहरा किया जाएगा।
चेन्नई के पल्लवरम निर्वाचन क्षेत्र में द्रमुक के वरिष्ठ पदाधिकारी जी. वेंकटेशन ने कहा, ''हमने ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले अपने कार्यकर्ताओं के लिए शुद्ध पेयजल तथा भोजन की आपूर्ति भी सुनिश्चित की है।'' उन्होंने कहा कि 'स्ट्रांग रूम' के पास ''ड्यूटी पर'' रहने वाले पार्टी के कार्यकर्ताओं को पहचान पत्र दिए गए हैं।
निर्वाचन आयोग के सूत्रों ने बताया कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और चुनाव पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में आवश्यक दस्तावेज़ों तथा वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ 'स्ट्रांग रूम' को सील कर दिया गया है। राज्य के सभी 'स्ट्रांग रूम' में सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है, जबकि सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और इनकी 24 घंटे निगरानी की जाएगी। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के तहत 234 सीट के लिए बृहस्पतिवार को मतदान हुआ।



