तिरुवनंतपुरम/कन्नूर. केरल में कुछ मीडिया घरानों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई पर चिंता व्यक्त करते हुए पूर्व सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने बुधवार को आरोप लगाया कि राज्य में प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला हो रहा है. उन्होंने सत्तारूढ़ वाम सरकार पर आरोप लगाया कि उसके कथित गलत कृत्यों को उजागर करने से रोकने के लिए मीडिया को ”डराया-धमकाया” जा रहा है.
कोच्चि में कुछ सप्ताह पहले एक प्रमुख मलयालम समाचार चैनल की एक महिला पत्रकार के खिलाफ दर्ज मामलों और तिरुवनंतपुरम स्थित एक ऑनलाइन समाचार चैनल तथा उसके कर्मचारियों के खिलाफ हाल की पुलिस कार्रवाई का जिक्र करते हुए, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि केरल में ”मीडिया को डराने-धमकाने के ऐसे मामले पहली बार सामने आए हैं.” उन्होंने कहा कि मीडिया और मीडियार्किमयों के खिलाफ वाम सरकार की कार्रवाई स्पष्ट रूप से पिनराई विजयन नीत सरकार के कथित गलत कृत्यों को उजागर करने वालों के खिलाफ उनके ”राजनीतिक प्रतिशोध” को दर्शाती है.
जावड़ेकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”यह स्पष्ट रूप से एक राजनीतिक प्रतिशोध है और प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला है. यह मीडिया को डराने-धमकाने का केरल सरकार का प्रयास है. यह निंदनीय है.” भाजपा के केरल प्रभारी का यह बयान एक मलयालम ऑनलाइन समाचार चैनल के खिलाफ सत्तारूढ़ वामपंथी दल के एक विधायक द्वारा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निरोधक) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किए जाने के बाद इसके संपादक का पता लगाने के लिए की जा रही पुलिस कार्रवाई के बीच आया है.
पुलिस ने कहा कि ‘मरूनादान मलयाली’ के फरार संपादक शाजन स्कारिया का पता लगाने के लिए उनके दलों ने सोमवार रात तिरुवनंतपुरम में कार्यालयों और कोच्चि में एक कार्यालय-सह-निवास पर छापेमारी की और कंप्यूटर तथा मेमोरी कार्ड जब्त किए.
वहीं राज्य विधानसभा में नीलांबुर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले वामपंथी विधायक पी.वी. अनवर ने कथित ‘ब्लैकमेलिंग’, फर्जी खबरें फैलाने और समाज को सांप्रदायिक आधार पर बांटने वाले मीडिया घरानों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी.
अनवर ने कहा, ”चाहे मुख्यधारा का मीडिया हो, यूट्यूब चैनल हों… कोई भी हो, कानूनी तौर पर उनके खिलाफ हरसंभव कार्रवाई की जाएगी.” उन्होंने कहा, ”हम कानून के दायरे में हरसंभव कार्रवाई करेंगे. यदि संभव हुआ तो हम ऐसे मीडिया घरानों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएंगे.”