बांग्लादेश में प्रदर्शनकारियों ने हसीना के इस्तीफे पर टिप्पणी को लेकर राष्ट्रपति को हटाने की मांग की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 22 Oct 2024 09:58 PM
बांग्लादेश में प्रदर्शनकारियों ने हसीना के इस्तीफे पर टिप्पणी को लेकर राष्ट्रपति को हटाने की मांग की
ऑडियो सुनें

ढाका. बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले एक प्रमुख छात्र संगठन ने मंगलवार को ढाका में प्रदर्शन किया और अपदस्थ प्रधानमंत्री के इस्तीफे पर टिप्पणी करने के लिए राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन को हटाने की मांग की.
पिछले सप्ताह एक बांग्ला दैनिक को दिए गए साक्षात्कार में शहाबुद्दीन ने कहा कि उनके पास इस बात का कोई दस्तावेजी सबूत नहीं है कि अगस्त में छात्रों के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर हुए विरोध-प्रदर्शनों के बीच देश छोड़कर जाने से पहले हसीना ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था.

हसीना को सत्ता से बेदखल करने के लिए अभियान चलाने वाले भेदभाव विरोधी छात्र आंदोलन ने यहां केंद्रीय शहीद मीनार के पास रैली निकाली और शहाबुद्दीन के इस्तीफे की मांग की. प्रदर्शनकारी नसीरउद्दीन पटवारी ने कहा, ”राष्ट्रपति फासीवाद के सहयोगी हैं. वह नरसंहार के पक्षधर थे. हम उनके इस्तीफे की मांग करते हैं.”

‘शाधिनोता-शोरबोभौमोत्तो रोक्खा समिति’ (स्वतंत्रता और संप्रभुता की रक्षा के लिए समिति) के बैनर तले प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने ढाका विश्वविद्यालय परिसर में धरना दिया, जिसमें शहाबुद्दीन के इस्तीफे की मांग की गई तथा संविधान को समाप्त करने और ”क्रांतिकारी सरकार” के गठन का आह्वान किया गया. प्रदर्शनकारियों ने हसीना की अवामी लीग पार्टी और उसके सहयोगियों की राजनीतिक गतिविधियों पर रोक लगाने की भी मांग की. बाद में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास ‘बंगभवन’ की ओर मार्च किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu