पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान से लौटी महिला के खिलाफ ‘शून्य प्राथमिकी’ दर्ज की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 May 2025 09:55 PM
पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान से लौटी महिला के खिलाफ ‘शून्य प्राथमिकी’ दर्ज की
ऑडियो सुनें

अमृतसर/नागपुर. पंजाब पुलिस ने नागपुर की एक नर्स के खिलाफ ‘शून्य प्राथमिकी’ दर्ज की है, जिसे शनिवार को अटारी-वाघा सीमा के जरिए पाकिस्तानी अधिकारियों ने वापस भेज दिया था. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों के मुताबिक सुनीता भोलेश्वर जामगड़े (43) को पाकिस्तानी सीमा की सुरक्षा करने वाले बलों ने उस समय पकड़ा जब वह करीब 10 दिन पहले लद्दाख के कारगिल सेक्टर से अवैध तरीके से पाकिस्तान में प्रवेश कर गई थी.

उसे 24 मई को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को सौंप दिया गया. सुनीता को वापस भेजे जाने के बाद पंजाब पुलिस ने सोमवार को उसके खिलाफ ‘शून्य प्राथमिकी’ दर्ज की. उन्होंने बताया कि महिला से इस तरह पाकिस्तान जाने का कारण जानने के लिए विभिन्न खुफिया एजेंसियों द्वारा पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद उसे महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दिया जाएगा. पुलिस ने बताया कि 14 वर्षीय एक लड़के की मां सुनीता सोशल मीडिया के जरिए एक पादरी समेत दो पाकिस्तानी नागरिकों के संपर्क में थी. जब वह पाकिस्तान चली गई तो उसके बेटे ने स्थानीय लोगों से मदद मांगी.

सीमा पार कर पाकिस्तान जाने वाली महिला को हिरासत में लेने के लिए नागपुर पुलिस का दल अमृतसर भेजा गया

सीमा पार कर करगिल से पाकिस्तान जाने वाली नागपुर की एक महिला को हिरासत में लेने के लिए शहर की पुलिस का एक दल अमृतसर भेजा गया है. पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि ‘पाकिस्तान रेंजर्स’ ने शनिवार को महिला सुनीता जामगडे (43) को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को सौंप दिया.

जोन-5 के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निकेतन कदम ने बताया कि महिला चार मई को अपने 13 वर्षीय बेटे के साथ नागपुर से निकली और करगिल पहुंची थी, जहां से 14 मई को सीमा पार कर वह पाकिस्तान चली गई. उन्होंने बताया कि महिला को बाद में पाकिस्तानी प्राधिकारियों ने पकड़ लिया. अधिकारी ने बताया कि सुनीता अमृतसर पुलिस की हिरासत में है, जिसे वापस लाने के लिए एक अधिकारी और दो महिला कांस्टेबल की टीम वहां भेजी गई है.

कदम ने कहा, ”हिरासत में लेने के बाद हम उससे पूछताछ करेंगे. हम जांच करेंगे कि क्या वह जासूसी या किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि में शामिल तो नहीं थी.” उन्होंने कहा कि अमृतसर पुलिस ने ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज कर ली है, जिसे नागपुर के कपिल नगर थाने में स्थानांतरित कर दिया जाएगा. महिला कपिल नगर क्षेत्र की स्थायी निवासी है. अधिकारी ने बताया कि सुनीता के बेटे को भी जल्द ही नागपुर वापस लाया जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu