बीजिंग में पुतिन और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 03 Sep 2025 08:51 PM
बीजिंग में पुतिन और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता
ऑडियो सुनें

बीजिंग. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने बुधवार को बीजिंग में द्विपक्षीय वार्ता की.
दोनों नेताओं ने द्वितीय विश्व युद्ध की समाप्ति की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर चीन की राजधानी बीजिंग में आयोजित एक भव्य सैन्य परेड में भाग लेने के बाद दियाओयुताई सरकारी अतिथि गृह में औपचारिक रूप से मुलाकात की.

क्रेमलिन (रूसी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) ने कहा कि पुतिन और किम औपचारिक स्वागत समारोह से लेकर वार्ता स्थल तक एक ही कार में गए. क्रेमलिन ने कहा कि रूसी और उत्तर कोरियाई प्रतिनिधिमंडलों के बीच द्विपक्षीय बैठक के बाद, दोनों नेताओं ने आमने-सामने की बैठक की. पुतिन ने किम को पुन? रूस आने का निमंत्रण भी दिया. उत्तर कोरियाई नेता किम की पिछली रूस यात्रा 2023 में हुई थी. पत्रकारों से बातचीत में पुतिन ने उत्तर कोरियाई सैनिकों की बहादुरी की प्रशंसा की, जिन्होंने रूस के कुर्स्क सीमा क्षेत्र में यूक्रेनी घुसपैठ को विफल करने के लिए मॉस्को के सैनिकों के साथ मिलकर लड़ाई लड़ी थी.

दक्षिण कोरियाई आकलन के अनुसार, उत्तर कोरिया ने पिछले वर्ष से अब तक रूस में लगभग 15,000 सैनिक भेजे हैं. उसने तीन साल से जारी यूक्रेन युद्ध में मदद के लिए बैलिस्टिक मिसाइल और तोप सहित बड़ी संख्या में सैन्य उपकरण भी भेजे हैं. अपने प्रारंभिक भाषण में किम ने कहा कि पिछले वर्ष जून में उत्तर कोरियाई राजधानी में एक बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद से प्योंगयांग और मॉस्को के बीच सहयोग ”काफी मजबूत” हुआ है.

हालांकि, किम ने युद्ध का कोई विशेष उल्लेख नहीं किया लेकिन इस बात पर जोर दिया कि ”यदि मैं आपके और रूस के लोगों के लिए कुछ कर सकता हूं, यदि और कुछ करने की आवश्यकता है, तो मैं इसे एक भाईचारे का कर्तव्य, एक दायित्व मानूंगा जिसे हमें निश्चित रूप से निभाना होगा और मैं आपकी मदद करने के वास्ते हरसंभव प्रयास करने के लिए तैयार रहूंगा.” बीजिंग में आयोजित सैन्य परेड पहला ऐसा मौका है जब किम ने अपने 14 साल के शासन के दौरान किसी प्रमुख बहुपक्षीय कार्यक्रम में भाग लिया है तथा पहली बार किम, पुतिन और चीनी नेता शी चिनफिंग एक ही स्थान पर एकत्रित हुए.

पर्यवेक्षकों को इंतजार है कि क्या किम चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग से भी द्विपक्षीय मुलाकात करेंगे या फिर शी और पुतिन के साथ एक निजी त्रिपक्षीय बैठक भी करेंगे. हालांकि, तीनों देशों में से किसी ने भी ऐसे किसी कार्यक्रम की पुष्टि नहीं की है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में शी चिनफिंग को संबोधित करते हुए लिखा, ”कृपया व्लादिमीर पुतिन और किम जोंग उन को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं दें, जब आप अमेरिका के खिलाफ साजिश रचें.” पुतिन के विदेश मामलों के सलाहकार यूरी उशाकोव ने बाद में इस पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए कहा कि ट्रंप के शब्द व्यंग्यात्मक थे. उन्होंने कहा, ”मैं कहना चाहता हूं कि कोई भी कोई साजिश नहीं रच रहा था. तीनों नेताओं में से किसी ने भी ऐसी बात के बारे में सोचा भी नहीं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu