राहुल गांधी ने भाजपा की ‘उद्योगपति समर्थक’ नीतियों की आलोचना की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 Sep 2024 08:10 PM
राहुल गांधी ने भाजपा की ‘उद्योगपति समर्थक’ नीतियों की आलोचना की
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को नरेन्द्र मोदी सरकार पर उद्योगपतियों के लिए काम करने का आरोप लगाया और दावा किया कि जैसे ”सुनामी आती है, वैसे ही गौतम अदाणी के बैंक खाते में पैसे आते रहते हैं”, जबकि आम आदमी संघर्ष करता रहता है. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस हरियाणा में सरकार बनाएगी और बदलाव लाएगी.

अंबाला जिले के नारायणगढ़ में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि लड़ाई कांग्रेस और भाजपा तथा उनकी विचारधाराओं के बीच है. उन्होंने कहा, ”एक तरफ न्याय और दूसरी तरफ अन्याय है.” रैली के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और हरियाणा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा कुमारी सैलजा भी उपस्थित रहे.

भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह सरकार बड़े उद्योगपतियों की है. उन्होंने कहा, ”हरियाणा में हमें ऐसी सरकार नहीं चाहिए, बल्कि किसानों, मजदूरों और गरीबों की सरकार चाहिए.” अमेरिका की अपनी हालिया यात्रा का जिक्र करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने वहां हरियाणा के कुछ प्रवासियों से मुलाकात की जो बेहतर भविष्य की तलाश में वहां गए थे क्योंकि उन्हें अपने गृह राज्य में रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे थे. कांग्रेस नेता ने कहा कि यह देखना महत्वपूर्ण है कि कितना पैसा गरीब और आम लोगों की जेब में आ रहा है और कितना बाहर जा रहा है.

राहुल गांधी ने कहा, ”आपको यह पूछना होगा कि क्या आपकी जेब से अधिक पैसा जा रहा है या आपकी जेब में अधिक पैसा आ रहा है?” उन्होंने दावा किया, ”अदाणी जी के बारे में सोचिए. वह सुबह उठते हैं, खेत में काम नहीं करते, हल नहीं चलाते, छोटा-मोटा धंधा नहीं करते, बढि.या खाना खाते हैं, आलीशान घर में रहते हैं और 24 घंटे, उनके बैंक खाते में पैसे आते रहते हैं, बिना रुके. जैसे सुनामी आती है, वैसे ही उनके बैंक खाते में पैसे आते रहते हैं.” उन्होंने कहा, जबकि आम लोगों के बैंक खातों से पैसा ”तूफान की तरह” बाहर जा रहा है.

राहुल गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस किसानों, गरीबों और मजदूरों के हितों की रक्षा करती है, जबकि भाजपा बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाती है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कहती है कि किसानों के फायदे के लिए कानून बनाए गए हैं. उन्होंने कहा, ”अगर किसानों के लिए कानून बनाए गए हैं, तो देश में किसान सड़कों पर क्यों हैं? क्योंकि किसान जानता है कि एक और तरीके से उनकी जेब से पैसा निकाला जाएगा.” कांग्रेस नेता ने कहा कि विकास के नाम पर किसानों और गरीबों की जमीन ली जा रही है, लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि उद्योगपतियों की जमीन ली गई हो.

किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उनकी उपज का सही दाम नहीं दिया जाता और फिर जब वे सेना में जाने की सोचते हैं तो उन्हें अग्निपथ योजना का सामना करना पड़ता है. उन्होंने कहा, ”यह अग्निवीर योजना नहीं है, यह जवानों की पेंशन छीनने का तरीका है. सामान्य जवान को जीवन भर पेंशन मिलती है. अग्निवीर को पेंशन नहीं मिलेगी. इसका मतलब है कि उनकी जेब से पैसा छीन लिया गया है.” इनेलो और जजपा जैसे दलों का नाम लिए बिना राहुल गांधी ने दावा किया कि छोटी पार्टियों का ”रिमोट कंट्रोल” भाजपा के हाथ में है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu