राहुल गांधी ‘भिंडी बाजार’ का वोट बैंक खोने के डर से राम मंदिर नहीं गए : शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 13 May 2024 09:22 PM
राहुल गांधी ‘भिंडी बाजार’ का वोट बैंक खोने के डर से राम मंदिर नहीं गए : शाह
ऑडियो सुनें

मुंबई. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में रामलला के दर्शन करने नहीं गए क्योंकि उन्हें ‘भिंडी बाजार’ का वोट बैंक खोने का डर है. शाह द्वारा भिंडी बाजार का उल्लेख इसलिए अहम है क्योंकि यह दक्षिण मुंबई का मुस्लिम बहुल इलाका है.

उन्होंने जोर देकर कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का कांग्रेस के विरोध के बावजूद भाजपा सरकार समान कानून लागू करेगी.
केंद्रीय गृहमंत्री ने उत्तरी महाराष्ट्र के धुले जिले और वसई में चुनावी रैलियों को संबोधित किया, जहां उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति के कारण जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 नहीं हटाने का आरोप लगाया.

मुंबई के नजदीक वसई में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि यह सरकार शरिया से नहीं चलेगी.
पालघर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार हेमंत सावरा के पक्ष में प्रचार करते हुए शाह ने कहा, ”राहुल गांधी राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में नहीं गए क्योंकि उन्हें अपना वोट बैंक, भिंडी बाजार का वोट बैंक खोने का डर था.”इस निर्वाचन क्षेत्र में हेमंत का मुकाबला शिवसेना (यूबीटी) प्रत्याशी भारती कामडी से है.

उन्होंने आरोप लगाया, ”सोनिया-मनमोहन सिंह सरकार’ 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले में संलिप्त थी. केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”लेकिन नरेन्द्र मोदी पर (गत दस साल में) ऐसा कोई आरोप नहीं है.” उन्होंने कहा, ”मैं उद्धव ठाकरे से पूछना चाहता हूं कि क्या वह उन लोगों के साथ बैठने में सहज हैं जो (पाकिस्तानी आतंकवादी) अजमल कसाब के प्रति नरम रुख रखते हैं. कांग्रेस यूसीसी के खिलाफ है लेकिन निश्चित तौर पर हम इसे लागू करेंगे. यह सरकार शरिया से नहीं चलेगी.” इससे पहले शाह ने धुले से भाजपा नेता और पूर्व रक्षा राज्यमंत्री सुभाष भामरे के समर्थन में प्रचार किया. इस सीट से कांग्रेस ने पूर्व विधायक शोभा बछाव को भामरे के खिलाफ मैदान में उतारा है.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने न केवल राम मंदिर के मुद्दे का समाधान किया बल्कि उसके निर्माण में भी सहायता की.
केंद्रीय मंत्री ने अनुच्छेद-370 को निरस्त करने के फैसले का राहुल गांधी द्वारा विरोध किए जाने को लेकर भी शिवसेना (यूबीटी) नेता और कांग्रेस सहयोगी उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा. भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस ने इसी तुष्टीकरण की राजनीति के कारण जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 को नहीं हटाया.

उन्होंने कहा, ”गांधी ने अनुच्छेद-370 को निरस्त करने का विरोध किया. मैं उनके सहयोगी उद्धव ठाकरे से पूछना चाहता हूं कि गांधी के रुख पर उनकी क्या राय है. गांधी और कांग्रेस ने वीर सावरकर का अपमान किया. ठाकरे को इस बारे में क्या कहना है? ” शाह ने कहा, ”मैं उद्धव ठाकरे से स्पष्टीकरण चाहता हूं. ‘इंडिया’ गठबंधन के एक घटक एम.के. स्टालिन नीत द्रमुक (द्रविड़ मुनेत्र कषगम) है और उनके (स्टालिन के)बेटे उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म का अपमान किया. क्या उद्धव ठाकरे उससे सहमत हैं? ” कांग्रेस और वायनाड से मौजूदा सांसद राहुल गांधी पर अपना हमला जारी रखते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्हें 20 बार नेता के तौर पर ” लांच और रीलांच” करने की कोशिश की गई.

उन्होंने सवाल किया, ”वह (राहुल गांधी) कैसे चंद्रयान को चंद्रमा पर लांच कर सकते हैं? क्या वह और उनकी पार्टी पाकिस्तान को करारा जवाब दे सकती है? क्या वे नक्सलवाद और आतंकवाद का इस देश से सफाया कर सकते हैं? क्या भारत को समृद्ध बना सकते हैं? ” इस सीट पर लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण में 20 मई को मतदान होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu