मानहानि मामले में राहुल गांधी बेंगलुरु की अदालत में होंगे पेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Jun 2024 09:40 PM
मानहानि मामले में राहुल गांधी बेंगलुरु की अदालत में होंगे पेश
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. कांग्रेस नेता राहुल गांधी भाजपा की कर्नाटक द्वारा दायर मानहानि के मामले में शुक्रवार को यहां एक विशेष अदालत के समक्ष पेश होंगे. भाजपा की कर्नाटक इकाई ने कांग्रेस पर मुख्यधारा के समाचार पत्रों में कथित रूप से झूठे विज्ञापन जारी करने का आरोप लगाया था. पिछले साल विधानसभा चुनाव से पहले विज्ञापन में राज्य की तत्कालीन भाजपा सरकार पर 2019-2023 के शासनकाल के दौरान बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया गया था.

कांग्रेस की राज्य इकाई ने बृहस्पतिवार को कहा, ”कांग्रेस के नेता राहुल गांधी कल (शुक्रवार) पूर्वाह्न साढ़े दस बजे शहर दीवानी न्यायालय में पेश होंगे.” पार्टी की राज्य इकाई ने बताया कि इसके बाद वह साढ़े 11 बजे क्वींस रोड स्थित भारत जोड़ो भवन में राज्य से कांग्रेस के नवनिर्वाचित सांसदों के साथ चर्चा करेंगे. इसने बताया कि इस मौके पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार भी मौजूद रहेंगे.

अदालत ने इस मामले में एक जून को सिद्धरमैया तथा शिवकुमार को जमानत दे दी थी. मामले में राहुल गांधी को सात जून को अदालत में पेश होने को कहा गया था. भाजपा ने यह आरोप लगाते हुए मानहानि का मामला दर्ज कराया था कि इन कांग्रेस नेताओं ने तत्कालीन मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई समेत भाजपा नेताओं के खिलाफ झूठे विज्ञापन दिये.

भाजपा ने अपनी शिकायत में कहा था कि सभी लोक निर्माण कार्यों में 40 प्रतिशत कमीशन लेने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने पिछली सरकार के खिलाफ ‘भ्रष्टाचार रेट कार्ड’ भी प्रकाशित किया था. शिकायतकर्ता ने कांग्रेस पार्टी पर पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के खिलाफ बदनाम करने वाला अभियान चलाने का आरोप लगाया था. भाजपा ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने अकाउंट पर यह ”अपमानजनक विज्ञापन” पोस्ट किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu