राहुल गांधी 2024 का लोकसभा चुनाव अमेठी से लड़ेंगे : अजय राय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 14 Dec 2022 05:41 PM
राहुल गांधी 2024 का लोकसभा चुनाव अमेठी से लड़ेंगे : अजय राय
ऑडियो सुनें

अमेठी. कांग्रेस नेता अजय राय ने बुधवार को दावा किया कि राहुल गांधी 2024 का लोकसभा चुनाव अमेठी से लड़ेंगे, क्योंकि अमेठी से नेहरू-गांधी परिवार का पुराना पारिवारिक रिश्ता है . उन्होंने यहां पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “गांधी-नेहरू परिवार के अमेठी से पुराने पारिवारिक संबंध हैं, इसे कोई कमजोर नहीं कर सकता. राहुल गांधी अमेठी से 2024 में चुनाव लड़ेंगे.” उत्तर प्रदेश में पार्टी के प्रांतीय प्रमुख राय ने कहा कि अमेठी की जनता से उनकी अपील है कि वे राहुल गांधी को फिर से प्रचंड बहुमत से सांसद चुनकर दिल्ली भेजें.

अमेठी से पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष के फिर अगला संसदीय चुनाव लड़ने पर कांग्रेस पार्टी की ओर से अब तक कोई बयान नहीं आया है.
राहुल गांधी 2019 के चुनावों में भाजपा की स्मृति ईरानी से हार गए थे. उससे पहले उन्होंने लगातार तीन बार अमेठी संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व किया था. उनसे पहले संजय गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी भी अमेठी से जीते थे. राय ने 2014 के साथ-साथ 2019 में भी वाराणसी से लोकसभा चुनाव लड़ा था.

राहुल गांधी की पिछले 97 दिनों से चल रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बारे में राय ने कहा कि यह अभी राजस्थान से होकर गुजर रही है जिसके बाद यह अगले साल तीन या चार जनवरी को उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी. उससे पहले कांग्रेस पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के द्वारा जगह-जगह पर प्रादेशिक भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है. कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष के अलावा छह प्रांतीय प्रमुख भी नियुक्त कर रखे हैं.

राय ने बताया कि पिछले 11 दिसंबर से भारत जोड़ो प्रादेशिक यात्रा उनके के नेतृत्व में प्रयागराज से प्रारंभ की गई जो कौशांबी प्रतापगढ़ होते हुए आज 14 दिसंबर को अमेठी पहुंची है. उनका कहना था कि अमेठी जिले में यह यात्रा 25 किलोमीटर लंबी होगी, जिसमें जगह जगह पर इस यात्रा का स्वागत किया जा रहा है.

अमेठी में यात्रा शुरू करने से पूर्व राय ने पार्टी कार्यालय (गौरीगंज) में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया. इसके उपरांत यात्रा की शुरूआत की. यह यात्रा अमेठी जनपद मुख्यालय गौरीगंज कस्बे से घूम कर लोदी बाबा होते हुए वरना टीकर और काजी पट्टी पहुंची . इस यात्रा में कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल के साथ-साथ अमेठी जनपद से कांग्रेस पार्टी के पूर्व एमएलसी दीपक सिंह एवं पूर्व प्रभारी माता प्रसाद वैश्य, आशीष शुक्ला, आकर्ष शुक्ला, यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शुभम सिंह, किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश दुबे सहित पार्टी के तमाम नेता और कार्यकर्ताओं कार्यकर्ताओं का हुजूम दिखा.

इस यात्रा का जगह-जगह पर लोगों द्वारा स्वागत किया जा रहा है. यह यात्रा अमेठी जनपद के बाद सुल्तानपुर पहुंचेगी . वहां से जौनपुर, मिर्जापुर, चंदौली,भदोही, सोनभद्र होते हुए अंत में वाराणसी में 22 दिसंबर को वह समाप्त होगी. राय ने कहा कि भाजपा सरकार में हर जगह तनाव बना हुआ है. उन्होंने कहा कि राहुल जी ने जीएसटी को गब्बर सिंह टैक्स बताया था, आज वह सही साबित हो रहा है.

उन्होंने कहा कि व्यापारियों में जीएसटी को लेकर भय व्याप्त है. उन्होंने दावा किया कि व्यापारी आज से नहीं, काफी समय से भारतीय जनता पार्टी का तन-मन-धन से समर्थन करता आ रहा है, जबकि आज वह प्रताड़ित हो रहा है. उन्होंने सवालिये लहजे में कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि चोरों पर कार्यवाही करो, क्या इसका मतलब व्यापारी आज चोर हो गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu