आरक्षण के खिलाफ राहुल गांधी का पूर्वाग्रह खुलकर सामने आ रहा है: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 10 Sep 2024 10:30 PM
आरक्षण के खिलाफ राहुल गांधी का पूर्वाग्रह खुलकर सामने आ रहा है: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को आरोप लगाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण के खिलाफ हैं और संविधान के इस प्रावधान के खिलाफ उनका पूर्वाग्रह अमेरिका में जॉर्जटाउन विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ बातचीत के दौरान खुलकर सामने आया है. भाजपा ने यह आरोप तब लगाया जब गांधी ने इस प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में छात्रों से कहा कि कांग्रेस तभी आरक्षण खत्म करने के बारे में सोचेगी, जब देश में सभी को समान अवसर मिलने लगेंगे और फिलहाल भारत में ऐसी स्थिति नहीं है.

पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने राहुल की टिप्पणी पर कहा, “संविधान को बचाने की दलील देने और दावा करने वाले राहुल गांधी ने अमेरिका में कहा कि वह (उनकी पार्टी) आरक्षण खत्म कर देंगे, जब स्थितियां निष्पक्ष होंगी.” वरिष्ठ भाजपा नेता प्रसाद ने कहा, ”इसके साथ ही आरक्षण के प्रति पूर्वाग्रह अमेरिका में भी दिखाई दिया. संविधान बचाने और आरक्षण बचाने का कांग्रेस नेता का अभियान और कुछ नहीं बल्कि एक दिखावा है.” प्रसाद ने आरोप लगाया कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी भी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग को आरक्षण देने के खिलाफ थे.

उन्होंने विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ पर भी निशाना साधा और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) प्रमुख एम के स्टालिन, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और वाम दलों के नेताओं से गांधी की टिप्पणी पर अपनी चुप्पी तोड़ने के लिए कहा. उन्होंने कहा, “मैं चेतावनी देना चाहता हूं कि अगर कांग्रेस ने आरक्षण के प्रावधान से कोई छेड़छाड़ करने या इसे खत्म करने की कोशिश की तो भाजपा इसका पुरजोर विरोध करेगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu