हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक में राहुल गांधी की गारंटी विफल हो गई हैं: अमित शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 29 Sep 2024 09:32 PM
हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक में राहुल गांधी की गारंटी विफल हो गई हैं: अमित शाह
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को हरियाणा में कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी की चुनावी गारंटियां हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक जैसे राज्यों में विफल हो गई हैं, जहां कांग्रेस सत्ता में है. शाह ने गुरुग्राम के बादशाहपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव के समय कांग्रेस बड़े-बड़े वादे करती है लेकिन वे हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में अपने चुनावी वादे पूरे नहीं कर पाए. शाह ने कहा, ”राहुल गांधी की गारंटियां नाकाम हो गईं.”

दूसरी ओर, केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि भाजपा ऐसा कोई वादा नहीं करती जिसे पूरा न किया जा सके. उन्होंने कहा, ”राहुल बाबा एंड कंपनी विकास नहीं कर सकती” और ‘डबल इंजन’ वाली सरकार ही हरियाणा का विकास सुनिश्चित करेगी. उन्होंने कहा, ”हम देश की सीमा को सुरक्षित रखेंगे, आरक्षण की रक्षा करेंगे और अनुच्छेद 370 को कभी वापस नहीं आने देंगे.” वक्फ विधेयक का उल्लेख करते हुए शाह ने रैली में कहा, ”आपको वक्फ बोर्ड पर मौजूदा विधान से समस्या है… हम संसद के शीतकालीन सत्र में इसमें संशोधन करेंगे.” पिछले महीने कई विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया था कि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के वक्फ संशोधन विधेयक का उद्देश्य समाज में विभाजन पैदा करना है और कहा था कि वे इसका कड़ा विरोध करेंगे.

बादशाहपुर से राव नरबीर सिंह सहित गुरुग्राम क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार करते हुए शाह ने कहा कि सेना में हर 10वां सैनिक हरियाणा से आता है. केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा कि इंदिरा गांधी से लेकर मनमोहन सिंह तक कांग्रेस ने वन रैंक वन पेंशन की मांग पूरी नहीं की और नरेन्द्र मोदी सरकार ने 2015 में वन रैंक वन पेंशन दी. अग्निपथ योजना को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शाह ने राहुल गांधी को ”झूठ बोलने की मशीन” बताया और आरोप लगाया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता ने दावा किया है कि अग्निवीरों को नौकरी नहीं मिलेगी.

उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना सशस्त्र बलों को युवा बनाये रखने के लिए शुरू की गई है. कांग्रेस द्वारा इस मुद्दे पर लगातार भाजपा पर निशाना साधे जाने के बीच शाह ने जनसभा में कहा, ”अपने बच्चों को सेना में भेजने में संकोच न करें. हरियाणा और केंद्र हर एक अग्निवीर को पेंशन योग्य नौकरी देंगे. पांच साल बाद आपको एक भी अग्निवीर ऐसा नहीं मिलेगा जो पेंशन योग्य नौकरी से वंचित हो.” तीन अक्टूबर से नवरात्रि शुरू होने के बीच शाह ने कहा, ”पांच अक्टूबर को वोट देते समय आपको राहुल बाबा और उनकी पार्टी कांग्रेस को जवाब देना है कि कौन ‘शक्ति’ का अपमान करता है.” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ”तुष्टीकरण में अंधी हो गई है.” भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारें एक जाति और एक जिले का विकास करती थीं. शाह ने कहा कि 2014 में हरियाणा की जनता ने भाजपा की सरकार चुनी और पिछले 10 सालों में समान विकास हुआ है.

शाह ने किसी का नाम लिए बिना आरोप लगाया, ”हुड्डा सरकार के समय डीलर, दलाल और दामाद राज करते थे और भ्रष्टाचार चरम पर था. दिल्ली के दामाद को अमीर बनाने के लिए गुरुग्राम में कई एकड़ जमीन नष्ट कर दी गई.” केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा, ”हुड्डा साहब, आज भी आपके लोग तैयार हैं. मैंने व्हाट्सऐप पर देखा कि आपकी पार्टी का एक उम्मीदवार कह रहा है कि उसे विधायक बनाओ और वह अपने हर समर्थक को 50 नौकरियां देगा. वह ऐसा कैसे करेगा? कोई नियम है या नहीं? जब भी कांग्रेस का शासन आता है, तो नौकरियां ”खर्ची और पर्ची” के आधार पर दी जाती हैं, जबकि भाजपा सरकार ने 1.5 लाख नौकरियां पूरी तरह से योग्यता के आधार पर दी हैं.” उन्होंने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हरियाणा में सत्ता बरकरार रखी, तो युवाओं को पांच साल में 5 लाख नौकरियां पूरी तरह से योग्यता के आधार पर दी जाएंगी. शाह ने आरोप लगाया कि हथीन से थानेसर और थानेसर से पलवल तक कांग्रेस की रैलियों में “पाकिस्तान जिंदाबाद” के नारे लगाए गए.

उन्होंने कहा, ”मैं राहुल बाबा से पूछना चाहता हूं कि जब आपकी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं, तो आप चुप क्यों हैं? आप उन्हें क्यों नहीं रोकते? कांग्रेस तुष्टीकरण में अंधी हो गई है.” अनुच्छेद 370 के मुद्दे पर शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जम्मू कश्मीर में इसे बहाल करना चाहती है. उन्होंने कहा, ”कश्मीर हमारा अपना है और जब तक मोदी सरकार है, तब तक वहां केवल तिरंगा ही लहराएगा.” शाह ने रैली में कहा, ”हरियाणा के बहादुर सैनिकों ने कश्मीर की सुरक्षा के लिए कई बलिदान दिए हैं और हम इसे व्यर्थ नहीं जाने देंगे.” भाजपा के वरिष्ठ नेता शाह ने आरोप लगाया कि जब हरियाणा में कांग्रेस सत्ता में थी, तो वे केवल गेहूं और धान की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जाती थी जबकि भाजपा सरकार ने फैसला किया है कि 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर की जाएगी.

उन्होंने भाजपा सरकार के दौरान विभिन्न फसलों के एमएसपी में उल्लेखनीय वृद्धि के बारे में भी बात की. राहुल गांधी की आरक्षण संबंधी हाल की टिप्पणी का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि जब तक भाजपा, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और अनुसूचित जाति (एससी) हैं, वे पार्टी को आरक्षण को छूने नहीं देंगे. शाह ने कहा, ”संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने 2004 और 2014 के बीच हरियाणा को 41,000 करोड़ रुपये दिए जबकि मोदी सरकार ने 2014 से 2024 के बीच 2.92 लाख करोड़ रुपये दिए. हरियाणा में 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे आठ अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu