कर्नाटक में अपने ही बोझ तले बर्बाद हो रही राहुल गांधी की ‘खटाखट’ अर्थव्यवस्था: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 May 2025 08:30 PM
कर्नाटक में अपने ही बोझ तले बर्बाद हो रही राहुल गांधी की ‘खटाखट’ अर्थव्यवस्था: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कहा कि राहुल गांधी की “खटाखट अर्थव्यवस्था” कर्नाटक में अपने ही बोझ तले बर्बाद हो रही है. पार्टी ने आरोप लगाया कि राज्य में नकद राशि बांटने के कांग्रेस के चुनावी वादे लागू करने के मामले में “खोखले और झूठे” साबित हुए हैं.

इससे पहले, राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि भाजपा एक ऐसे मॉडल का पालन करती है, जिसके तहत चुनिंदा अमीर लोगों को सारे पैसे और संसाधन मिल जाते हैं, जबकि कांग्रेस मॉडल में पैसा गरीबों के बैंक खातों और जेबों में डाला जाता है. कांग्रेस नेता कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में होसपेट में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान पात्र लाभार्थियों को एक लाख से अधिक संपत्ति के मालिकाना हक के दस्तावेज वितरित किए गए, जिनकी “बिना दस्तावेज वाली बस्तियों” को राजस्व गांव घोषित किया गया है.

राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “राहुल गांधी की ‘खटाखट’ अर्थव्यवस्था अपने ही बोझ तले बर्बाद हो रही है.” भंडारी ने कहा, ”वह जोर-शोर से दावा करते हैं कि गृह लक्ष्मी योजना के तहत कर्नाटक में महिलाओं को करोड़ों रुपये अंतरित किए गए हैं. लेकिन हकीकत यह है कि उनकी अपनी कांग्रेस सरकार मानती है कि पैसा नहीं है और देरी अपरिहार्य है.”

उन्होंने कहा, ”झूठे वादे, खोखले दावे – कांग्रेस का विशिष्ट मॉडल. केवल शोर, कोई काम नहीं!” राहुल गांधी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान वादा किया था कि विभिन्न योजनाओं के तहत वित्तीय सहायता राशि लाभार्थियों के खातों में ‘खटाखट, खटाखट’ जमा की जाएगी. भंडारी ने कांग्रेस पर ऐसे समय में कर्नाटक में अपनी सरकार के दो साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए भी निशाना साधा, जबकि पिछले 36 घंटे से बेंगलुरु में भारी बारिश ने शहर में जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है.

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ”कर्नाटक में आई विनाशकारी बाढ़ में तीन लोगों की जान चली गई और राज्य गंभीर जलभराव तथा नागरिक अव्यवस्था में डूब रहा है. लेकिन कांग्रेस नेतृत्व कहां है?” उन्होंने कहा, ”संकट को दूर करने के बजाय, वे एक वर्षगांठ कार्यक्रम में भाग लेने में व्यस्त हैं. वे जमीनी हकीकत से पूरी तरह से कटे हुए हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu