राहुल महिलाओं का अपमान कभी नहीं करते, मणिपुर से ध्यान भटकाने के लिए लगाए गए आरोप: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 09 Aug 2023 08:52 PM
राहुल महिलाओं का अपमान कभी नहीं करते, मणिपुर से ध्यान भटकाने के लिए लगाए गए आरोप: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा राहुल गांधी पर संसद के भीतर ‘अभद्र व्यवहार’ का आरोप लगाए जाने के बाद अपने नेता का बचाव करते हुए बुधवार को कहा कि राहुल गांधी कभी महिलाओं का अपमान नहीं करते हैं और भाजपा उन पर “अशोभनीय” आरोप मढ.कर मणिपुर हिंसा से ध्यान भटकाना चाहती है.

केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी पर लोकसभा में ‘फ्लाइंग किस’ की भाव-भंगिमा प्रर्दिशत करते हुए महिला सांसदों के प्रति अभद्र व्यवहार दिखाने का आरोप लगाया. बाद में भाजपा की महिला सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भेंट की और केरल के वायनाड से लोकसभा सदस्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ट्वीट कर कहा, ”आज लोक सभा में भारत की आवाज. रखी. पंडित नेहरू ने कहा था – ‘भारत माता’, भारत के ही लोग हैं. मणिपुर की हिंसा को हमारे अपने भाई- बहन झेल रहे हैं, भाजपा की संवेदनहीनता वो भुगत रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”मोदी जी के मंत्रीगण इधर-उधर की बात कर रहें हैं, पर ये नहीं बता रहें हैं कि हिंसा कैसे हुई, इसे क्यों फैलने दिया गया,

प्रधानमंत्री ने शांति की अपील क्यों नहीं की, वहां जा कर लोगों से उनका दु?ख दर्द क्यों नहीं पूछा? क्या मोदी सरकार को लोगों की पीड़ा से कोई लेना देना नहीं है? क्या उनकी सारी राजनीति बस वोट लेने भर के लिए होती है?” राहुल गांधी के खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए लोकसभा में कांग्रेस के सचेतक मणिकम टैगोर ने ईरानी पर “राहुल-फोबिया” से पीड़ित होने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें इससे बाहर निकलना चाहिए.

टैगोर ने कहा, “स्मृति ईरानी ‘राहुल फोबिया’ से ग्रस्त हैं और उन्हें इससे बाहर निकलने की कोशिश करनी चाहिए.” कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, ”स्मृति ईरानी जी, आपको अपनी नौटंकी बंद करनी चाहिए. 78 दिन तक जब तक वो भयावह वीडियो नहीं आया तब तक मुंह से एक शब्द नहीं फूटा था. आपका यह नकली आक्रोश और पाखंड बेशर्मी का एक नया मानक है. किसी के पास इस नाटक के लिये वक्त नहीं है.”

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने राहुल गांधी के भाषण को शानदार और उत्साहजनक करार दिया और कहा कि स्मृति ईरानी ने अपने ही पाले में गोल कर दिया. शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी ने भी राहुल गांधी का बचाव करते हुए कहा, “मैं दर्शक दीर्घा में थी और उन्होंने (राहुल गांधी ने) स्नेह व्यक्त करते हुए ऐसा किया. वे (भाजपा) प्यार को स्वीकार नहीं कर सकते.”

मणिपुर के वीडियो के समय पर सवाल करके गृह मंत्री ने अपनी अक्षमता स्वीकार की: कांग्रेस

कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा मणिपुर से संबंधित वीभत्स वीडियो के समय को लेकर सवाल खड़ा किया जाना शर्मनाक है और वह ऐसा करके अपनी अक्षमता को स्वीकार कर रहे हैं. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ (ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, ”यह बिलकुल शर्मनाक है कि गृह मंत्री मणिपुर का भयावह वीडियो सामने आने के “समय” पर सवाल उठा रहे हैं. सदन में यह दावा करके कि खुफिया एजेंसियों को ऐसे किसी वीडियो के बारे में जानकारी नहीं थी, वह भारत के गृह मंत्री के रूप में सिर्फ अपनी अक्षमता को स्वीकार कर रहे हैं.”

उन्होंने दावा किया, ”वह अनजाने में ही सही, मणिपुर के मुख्यमंत्री की अयोग्यता को भी स्वीकार कर रहे हैं.” शाह ने लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने से संबंधित वीडियो के मामले का उल्लेख किया.

उन्होंने कहा कि यह घटना चार मई की है और बेहद शर्मनाक है जिसे कोई भी सभ्य समाज स्वीकार नहीं कर सकता. गृह मंत्री ने साथ ही कहा कि लेकिन संसद सत्र के एक दिन पहले ही यह वीडियो क्यों आया और जिस किसी के पास भी यह वीडियो था उसे यह पुलिस को, पुलिस महानिदेशक को दे देना चाहिए था. शाह ने कहा कि समय पर यह वीडियो पुलिस को दिया जाता तो तभी कार्रवाई हो जाती.

जिनके राजनीतिक पूर्वजों ने अंग्रेजों का साथ दिया वे ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ की बात कर रहे हैं: कांग्रेस

कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि यह बड़ी विडंबना है कि जिनके राजनीतिक पूर्वजों ने अंग्रेजों का साथ दिया थो वे आज ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ की बात कर रहे हैं. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ (पूर्व का ट्विटर) पर कहा, ”यह बड़ी विडंबना है कि जो लोग कभी स्वतंत्रता आंदोलन का हिस्सा नहीं थे, जिन्होंने कभी ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ का समर्थन नहीं किया और जिनके वैचारिक पूर्वजों ने ब्रिटिश सरकार का साथ दिया था, वे आज भारत छोड़ो आंदोलन की बात कर रहे हैं.”

उन्होंने दावा किया, ”आरएसएस ने गांधी जी के अगस्त, 1942 के ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ का सक्रिय रूप से विरोध किया था. जब गांधी जी आंदोलन शुरू कर रहे थे, तब जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंगाल में मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन सरकार में थे.” रमेश ने कहा, ”आज जो लोग मणिपुर जलने पर चुप हैं, उन्हें छोड़ देना चाहिए. जो लोग आवश्यक वस्तुओं, पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की असहनीय मूल्य वृद्धि पर चुप हैं, उन्हें छोड़ देना चाहिए. जो लोग अडाणी के साथ अपने बदले के रिश्ते पर चुप हैं, उन्हें छोड़ देना चाहिए.”

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को महात्मा गांधी द्वारा 1942 में आज ही के दिन शुरू किए गए ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ को याद किया और कांग्रेस तथा विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दलों पर निशाना साधते हुए आह्वान किया कि वंशवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति देश हित में समाप्त होनी चाहिए. भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति वंशवादी राजनीति के साथ आती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu