रायपुर. छत्तीसगढ. के रायपुर जिले में एक ट्रक में मवेशियों को ले जा रहे तीन लोगों में से दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक कुछ लोगों ने ट्रक का पीछा किया था. रायपुर जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) कीर्तन राठौर ने बताया कि घटना रायपुर-महासमुंद जिले की सीमा पर आरंग थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के हुई.
राठौर ने बताया कि महानदी पर 30 फुट ऊंचे पुल से तीन लोगों के गिरकर नीचे पड़े होने की सूचना मिलने पर पुलिस के एक दल को मौके पर भेजा गया.उन्होंने बताया कि पुलिस दल जब वहां पहुंचा तब तीन में से एक की मौके पर ही मौत हो गई थी तथा दो अन्य गंभीर रूप से घायल थे. राठौर ने बताया कि दो घायलों को महासमुंद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक और व्यक्ति की मौत हो गई.
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान गुड्डू खान और चांद मियां के रूप में हुई है. घायल सद्दाम कुरैशी को बाद में रायपुर के एक अस्पताल में भेजा गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, तीनों महासमुंद क्षेत्र से रायपुर की ओर एक ट्रक में मवेशी लेकर आ रहे थे कि तभी उस दौरान कुछ लोगों ने उनका पीछा किया.
राठौर ने बताया कि पुल पर मिले वाहन को जब्त कर लिया गया और मवेशियों को गौशाला में भेज दिया गया. उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है और पुलिस ने चिकित्सकों को जल्द से जल्द एक संक्षिप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट देने के लिए कहा है.
राठौर ने बताया, ”हम मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं. अभी तक हमारे पास ऐसा कोई सबूत नहीं है जिससे यह कहा जा सके कि यह भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या का मामला है. तीनों का पीछा करने वालों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं.” यह पूछे जाने पर कि क्या शवों पर हमले के बाहरी निशान हैं, जिसपर राठौड़ ने कहा, “अगर वे 30 फुट ऊंचे पुल से गिरे पत्थरों पर गिरे हैं तब चोटें लग सकती हैं. केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट ही पुष्टि कर सकती है कि चोटें कैसे आईं.” उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है.