राजीव गांधी के शानदार काम ने उन्हें दुनिया के शीर्ष नेताओं की पंक्ति में शामिल किया: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 20 Aug 2023 07:33 PM
राजीव गांधी के शानदार काम ने उन्हें दुनिया के शीर्ष नेताओं की पंक्ति में शामिल किया: खरगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 79वीं जयंती पर रविवार को उन्हें याद किया और कहा कि वह ”सच्चे देशभक्त” एवं भारत के ”महान सपूत” थे जिन्होंने भारत को 21वीं सदी का भारत बनाने की दिशा में अमूल्य योगदान दिया. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें डिजिटल भारत का वास्तुकार बताया और कहा कि प्रधानमंत्री के तौर पर उनके शानदार कामकाज ने उन्हें दुनिया के शीर्ष नेताओं की पंक्ति में ला दिया. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राजीव गांधी ऐसे नेता थे जिन्होंने लाखों भारतीयों में उम्मीद का संचार किया.

खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, ” प्रधानमंत्री के तौर पर शानदार कामकाज के बल पर उन्होंने दुनिया के शीर्ष नेताओं के बीच जगह बनाई. राजीव जी ने 21वीं सदी का भारत बनाने में विशेष भूमिका निभाई.” उन्होंने कहा, ”राजीव गांधी भारत के महान सपूत थे. वह ऐसा नेता थे जिन्होंने लाखों भारतीयों में उम्मीद का संचार किया.” कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने पिता की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, ”पापा आपकी आंखों में भारत के लिए जो सपने थे, इन अनमोल यादों से छलकते हैं. आपके पदचिह्न मेरा रास्ता हैं- हर हिंदुस्तानी के संघर्ष और सपनों को समझ रहा हूं. भारत मां की आवाज सुन रहा हूं.” खरगे के अलावा पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने यहां राजीव गांधी के स्मारक वीर भूमि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

बाद में खरगे, सोनिया गांधी और अन्य नेताओं ने संसद के केन्द्रीय कक्ष में राजीव गांधी की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए. संसद के केंद्रीय कक्ष में राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुब्रमण्यम स्वामी सहित बड़ी संख्या में नेता मौजूद थे.

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”जब हम सद्भावना दिवस मना रहे हैं, तो ऐसे में राजीव गांधी के उस विशाल योगदान को याद करना ठीक रहेगा, जिससे भारत 21वीं सदी में पहुंचा.” उन्होंने कहा कि मतदान की आयु घटाकर 18 वर्ष करना, शांति समझौते, सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम और समावेशी शिक्षा पर जोर देने वाली नयी शिक्षा नीति जैसी पूर्व प्रधानमंत्री की अनगिनत पहल देश में परिवर्तनकारी बदलाव लेकर आईं.

खरगे ने कहा, ”हम राजीव गांधी जी की जयंती पर उन्हें दिल से याद करते हैं.” कांग्रेस अध्यक्ष ने पूर्व प्रधानमंत्री को डिजिटल भारत का वास्तुकार करार देते हुए कहा कि उनकी दूरसंचार और सूचना प्रौद्योगिकी क्रांति तथा कम्प्यूटर कार्यक्रम ने भारत को दुनिया के अग्रणी देशों की पंक्ति में ला खड़ा किया और लाखों युवाओं को रोजगार मिला.

उन्होंने कहा कि मतदान के लिए आयु घटाना, पंचायती राज को मजबूत करना, निरंतर शांति समझौतों के माध्यम से सद्भाव स्थापित करना जैसी उनकी कई पहल लोकतंत्र को मजबूत करने का माध्यम बनीं. खरगे ने कहा, ”आज जब देश में पंचायती राज स्थापित होने के 30 वर्ष हो रहे हैं, हमें सोचना होगा कि इस दूरगामी कदम से कितने अनगिनत लोगों को राजनीति में आने का मौका मिला.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu