RCB के पाटीदार IPL के पूरे सत्र से बाहर, विकल्प की घोषणा नहीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Apr 2023 08:13 PM
RCB के पाटीदार IPL के पूरे सत्र से बाहर, विकल्प की घोषणा नहीं
ऑडियो सुनें

बेंगलुरू. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज रजत पाटीदार टखने की चोट के कारण पूरे इंडियन प्रीमियर लीग सत्र से बाहर हो गए हैं जिससे टीम को बड़ा झटका लगा है. आठ मैच में दो अर्धशतक से 55.50 के औसत से 333 रन बनाने वाले 29 साल के पाटीदार पिछले साल आरसीबी के तीसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे. उन्होंने क्वालीफायर एक में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा आईपीएल में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बनाया था.

आरसीबी ने बयान में कहा, ‘‘दुर्भाग्य से रजत पाटीदार टखने की चोट के कारण आईपीएल 2023 से बाहर हो गए हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम रजत के जल्द उबरने की कामना करते हैं और इस प्रक्रिया के दौरान उनका समर्थन जारी रखेंगे. कोच और टीम प्रबंधन ने अभी उनके वैकल्पिक खिलाड़ी की घोषणा नहीं करने का फैसला किया है.’’ पाटीदार को आरसीबी के शिविर में शामिल होने से पहले ही चोट लगी थी लेकिन शुरुआत में माना जा रहा था कि वह कम से कम आईपीएल के दूसरे हाफ के लिए उपलब्ध रहेंगे. उनके बाहर होने से हालांकि टीम की समस्या बढ़ गई है.

पाटीदार के बाहर होने की खबर उस समय आई है जब पिछले सत्र में 12 मैच में 20 विकेट के साथ टीम के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज रहे ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड ने संकेत दिया है कि वह अप्रैल के चौथे हफ्ते तक मैच फिट नहीं हो पाएंगे. सोमवार को यहां मुंबई इंडियन्स के खिलाफ आठ विकेट की जीत के दौरान आरसीबी के इंग्लैंड के तेज गेंदबाज रीस टॉप्ली का दायां कंधा भी खिसक गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu