रिलायंस, डिज्नी की मीडिया संपत्तियों का विलय, अस्तित्व में आया 70,352 करोड़ रुपये का संयुक्त उद्यम

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 14 Nov 2024 09:45 PM
रिलायंस, डिज्नी की मीडिया संपत्तियों का विलय, अस्तित्व में आया 70,352 करोड़ रुपये का संयुक्त उद्यम
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपनी मीडिया परिसंपत्तियों का वैश्विक मीडिया हाउस वॉल्ट डिज्नी के भारतीय कारोबार के साथ विलय पूरा कर लिया है. इससे 70,352 करोड़ रुपये का नया संयुक्त उद्यम अस्तित्व में आएगा. एक संयुक्त बयान के अनुसार, इस संयुक्त उद्यम में रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपनी वृद्धि के लिए 11,500 करोड़ रुपये (1.4 अरब डॉलर) का निवेश किया है. इसकी चेयरपर्सन नीता अंबानी होंगी. बयान के अनुसार, “इस लेन-देन में संयुक्त उद्यम मूल्य बाहरी निवेश जोड़ने के बाद 70,352 करोड़ रुपये (8.5 अरब डॉलर) आंका गया है. सौदा पूरा होने के साथ संयुक्त उद्यम का नियंत्रण रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) के पास रहेगा.

रिलायंस इंडस्ट्रीज के पास संयुक्त उद्यम में 16.34 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि इसकी अनुषंगी की अनुषंगी कंपनी वायकॉम 18 के पास 46.82 प्रतिशत और डिज्नी के पास शेष 36.84 प्रतिशत हिस्सेदारी है. इसमें कहा गया, “नीता एम. अंबानी संयुक्त उद्यम की चेयरपर्सन होंगी, जबकि उदय शंकर वाइस चेयरमैन होंगे जो संयुक्त उद्यम को रणनीतिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे.” वायकॉम 18 मीडिया और वॉल्ट डिज्नी कंपनी को वायकॉम 18 के मीडिया और जियोसिनेमा कारोबार के स्टार इंडिया में विलय के लिए भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई), राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) जैसे प्राधिकरण से आवश्यक मंजूरियां पहले ही मिल चुकी हैं.

यह संयुक्त उद्यम भारत की सबसे बड़ी मीडिया और मनोरंजन कंपनियों में से एक होगा, जिसका मार्च, 2024 में समाप्त पिछले वित्त वर्ष (2023-24) के लिए संयुक्त राजस्व लगभग 26,000 करोड़ रुपये (3.1 अरब डॉलर) था. संयुक्त उद्यम के तहत 100 से ज़्यादा टीवी चैनल हैं और यह सालाना 30,000 घंटे से ज़्यादा के टीवी मनोरंजन सामग्री तैयार करता है. जियोसिनेमा और हॉटस्टार डिजिटल मंच का कुल ग्राहक आधार पांच करोड़ से ज़्यादा है. संयुक्त उद्यम में क्रिकेट, फुटबॉल और दूसरे खेलों के खेल अधिकारों का पोर्टफोलियो है.

इस बीच, एक अलग सौदे के तहत आरआईएल ने वायकॉम 18 में अमेरिकी बहुराष्ट्रीय मनोरंजन समूह पैरामाउंट ग्लोबल की 13.01 प्रतिशत हिस्सेदारी 4,286 करोड़ रुपये में खरीदी है. आरआईएल ने कहा, “परिणामस्वरूप, वायकॉम 18 में आरआईएल की 70.49 प्रतिशत, नेटवर्क 18 मीडिया एंड इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड की 13.54 प्रतिशत और बोधि ट्री सिस्टम्स की 15.97 प्रतिशत हिस्सेदारी है.” बोधि ट्री सिस्टम्स एक निवेश मंच है जिसका नियंत्रण जेम्स मर्डोक और उदय शंकर द्वारा संयुक्त रूप से किया जाता है. संयुक्त उद्यम का नेतृत्व तीन मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) – केविन वाज, किरण मणि और संजोग गुप्ता करेंगे. तीनों सीईओ मिलकर कंपनी का नेतृत्व करेंगे. केविन वाज सभी मंचों पर मनोरंजन संगठन का नेतृत्व करेंगे, जबकि किरण मणि संयुक्त डिजिटल संगठन का प्रभार संभालेंगे.

संजोग गुप्ता संयुक्त खेल संगठन का नेतृत्व करेंगे, जिसके पास आईपीएल, आईसीसी और बीसीसीआई द्वारा आयोजित सभी मैचों के प्रसारण अधिकार हैं. इसके अलावा, इसके पास फुटबॉल और अन्य खेलों के प्रसारण अधिकारों का एक विस्तृत पोर्टफोलियो है. सौदे पर आरआईएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा, “इस संयुक्त उद्यम के गठन के साथ भारतीय मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग एक परिवर्तनकारी युग में प्रवेश कर रहा है.” उन्होंने कहा, “हमारी गहरी रचनात्मक विशेषज्ञता और डिज्नी के साथ संबंध और भारतीय उपभोक्ताओं की हमारी बेजोड़ समझ भारतीय दर्शकों के लिए किफायती कीमत पर बेजोड़ सामग्री विकल्प सुनिश्चित करेगी. मैं संयुक्त उद्यम के भविष्य को लेकर बहुत उत्साहित हूं और इसकी सफलता की कामना करता हूं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu