
जकार्ता. इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप पर सोने की एक अवैध खदान में भूस्खलन के बाद बचावकर्मी मंगलवार को मलबा हटाकर लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं. इस हादसे में कम से कम 23 लोगों की मौत हो चुकी है. प्रांतीय खोज एवं बचाव कार्यालय के प्रमुख हेरियांतो ने बताया कि दूरस्थ और पर्वतीय गांव बोन बोलांगो में रविवार को 100 से अधिक ग्रामीण सोने के लिए खुदाई कर रहे थे, तभी आसपास के पर्वतों से कई टन मिट्टी गिरी, जिससे उनके अस्थायी शिविर दब गए. बचावर्किमयों ने भूस्खलन से तबाह हो चुके इस गांव में मंगलवार को और शव बरामद किए, जहां सोने की खान स्थित है.
हेरियांतो ने बताया, ”मौसम में सुधार होने से हमें और शव बरामद करने में मदद मिली.” हेरियांतो के कार्यालय के अनुसार, 66 ग्रामीण भूस्खलन से बच निकले, बचावर्किमयों ने करीब 23 लोगों को जीवित बाहर निकाला, जिनमें से 18 लोग घायल हैं. तीन महिलाओं व चार वर्षीय लड़के समेत 23 शव बरामद किए गए हैं.
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता अब्दुल मुहारी ने बताया कि शनिवार से इस पर्वतीय जिले में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण भूस्खलन हुआ और एक तटबंध टूट गया, जिससे बोन बोलांगो के पांच गांवों में बाढ़ आ गयी. बाढ़ के कारण करीब 300 मकान प्रभावित हुए और 1,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी.
एक स्थानीय बचाव अधिकारी इलाहुदे ने बताया कि प्राधिकारियों ने शवों और लापता लोगों की तलाश के लिए पुलिस और सैन्यर्किमयों सहित 200 से अधिक बचावर्किमयों को तैनात किया है.
उन्होंने कहा, ”कई लोगों के लापता होने और कुछ दूरस्थ इलाकों तक संपर्क न होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है.”



