भारत की रूपल और पूजा को एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत, यूनुस ने कांस्य पदक जीता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 28 May 2025 08:07 PM
भारत की रूपल और पूजा को एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत, यूनुस ने कांस्य पदक जीता
ऑडियो सुनें

गुमी. भारतीय महिलाओं ने एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दूसरे दिन बुधवार को यहां शानदार प्रदर्शन किया जब रूपल चौधरी (400 मीटर) और पूजा (1500 मीटर) ने रजत पदक जीते. यूनुस शाह ने पुरुष 1500 मीटर में कांस्य पदक जीतकर भारत के कुल पदक की संख्या को पांच तक पहुंचाया. इसमें मंगलवार को जीता गुलवीर सिंह (10,000 मीटर) का स्वर्ण पदक भी शामिल है.

रूपल ने महिलाओं के 400 मीटर फाइनल में 52.68 सेकेंड का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया और भारत के लिए दिन का पहला पदक जीता. इसी स्पर्धा में हमवतन विथ्या रामराज 53.00 सेकेंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहीं. जापान की नानाको मात्सुमोतो (52.17 सेकेंड) ने स्वर्ण जबकि उज्बेकिस्तान की जोनबीबी हुकमोवा (52.79 सेकेंड) ने कांस्य पदक जीता. पूजा ने महिलाओं की 1500 मीटर स्पर्धा में चार मिनट 10.83 सेकेंड के समय के साथ भारत को दूसरा रजत पदक दिलाया. भारत की ही लिली दास चार मिनट 13.81 सेकेंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहते हुए पदक से चूक गईं.

चीन की ली चुनहुई ने चार मिनट 10.58 सेकेंड के समय से स्वर्ण पदक जीता जबकि जापान की तोमाका किमुरा ने सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चार मिनट 11.56 सेकेंड के समय से कांस्य पदक अपने नाम किया. रूपल ने 2022 में विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय एथलीट बनकर इतिहास रच दिया था. उन्होंने उस समय चार गुणा 400 मीटर रिले में रजत और महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था. यूनुस शाह ने पुरुषों की 1500 मीटर स्पर्धा में तीन मिनट 43.03 सेकेंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया.

जापान के काजुतो लिजावा ने तीन मिनट 42.56 सेकेंड के निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से स्वर्ण पदक जीता जबकि दक्षिण कोरिया के जेयुंग ली (तीन मिनट 42.79 सेकेंड) ने दूसरा स्थान हासिल किया. गुलवीर के स्वर्ण पदक के अलावा पहले दिन र्सिवन सबेस्टियन ने भी 20 किमी पैदल चाल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था. अन्य नतीजों में विशाल थेनारासु कयालविझी 45.57 सेकेंड के निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के बावजूद चौथे स्थान पर रहते हुए पदक से चूक गए.

लंबी कूद में शैली सिंह और ऐंसी सोजन ने महिला वर्ग के फाइनल में जगह बनाई. शैली 6.17 मीटर के प्रयास से 20 खिलाड़ियों के बीच तीसरे स्थान पर रहीं. ऐंसी ने 6.14 मीटर के प्रयास से फाइनल में जगह सुनिश्चित की. बाधा दौड़ में ज्योति याराजी ने अपनी हीट (शुरुआती दौर की रेस) में 13.18 सेकेंड का समय लेकर तीसरे स्थान पर रहते हुए अगले दौर में जगह बनाई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu