रूस ने कीव दिवस से पहले यूक्रेन की राजधानी पर ‘सबसे बड़ा ड्रोन हमला’ किया, एक की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 28 May 2023 09:08 PM
रूस ने कीव दिवस से पहले यूक्रेन की राजधानी पर ‘सबसे बड़ा ड्रोन हमला’ किया, एक की मौत
ऑडियो सुनें

कीव. कीव दिवस के आयोजन की तैयारियों के बीच रविवार तड़के यूक्रेन की राजधानी युद्ध की शुरुआत के बाद से सबसे बड़े ड्रोन हमले का शिकार हुई. हमले में कम से कम एक व्यक्ति मारा गया. स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी. यूक्रेन के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी सेर्ही पोपको ने कहा कि रूस ने शनिवार रात ईरान निर्मित ‘शहीद’ ड्रोन से शहर पर ‘सबसे बड़ा हमला’ किया. यह हमला पांच घंटे से अधिक समय तक जारी रहा, जिस दौरान यूक्रेन की हवाई रक्षा प्रणाली ने कथित तौर पर 40 से अधिक ड्रोन को नष्ट कर दिया.

कीव के मेयर विटाली क्लिट्सको ने बताया कि सात मंजिला गैर-आवासीय इमारत पर ड्रोन का मलबा गिरने और आग लगने से 41 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई. उन्होंने कहा कि घटना में घायल हुई 35 वर्षीय एक महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यूक्रेन की वायु सेना ने कहा कि शनिवार रात देशभर में ‘शहीद’ ड्रोन से इतने हमले किए गए, जितने इससे पहले कभी नहीं हुए थे. उसने दावा किया कि रूसी सेना द्वारा दागे गए 54 ड्रोन में से 52 को वायु रक्षा प्रणालियों द्वारा मार गिराया गया.

पूर्वोत्तर के खारकीव प्रांत में क्षेत्रीय गवर्नर ओलेह सिनीहुबोव ने कहा कि दो अलग-अलग हमलों में 61 वर्षीय एक महिला और 60 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई. कीव दिवस यूक्रेन की राजधानी का आधिकारिक स्थापना दिवस है. इस दिन को आमतौर पर संगीत कार्यक्रम, सड़कों पर मेले, प्रदर्शनियों और आतिशबाजी के साथ मनाया जाता है. इस वर्ष, शहर की 1,541वीं वर्षगांठ के लिए सीमित स्तर पर उत्सव की योजना बनाई गई है.

सैन्य अधिकारी पोपको ने कहा, ”आज, दुश्मन ने अपने घातक ड्रोन की मदद से कीव के लोगों को कीव दिवस की बधाई देने का फैसला किया है.” रूस के दक्षिणी क्रास्नोडार क्षेत्र के स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि वायु रक्षा प्रणालियों ने इल्स्की तेल रिफाइनरी की ओर दागे गए कई ड्रोन को नष्ट कर दिया.

अमेरिका निर्मित पेट्रियट मिसाइल समेत पश्चिमी देशों से मिली वायु रक्षा प्रणाली के कारण कीव हमलों को नाकाम करने में सफल रहा है. विभिन्न क्षेत्रों में लड़ाई के अलावा दोनों पक्ष लंबी दूरी की मिसाइल के जरिये एक-दूसरे को निशाना बना रहे हैं. पिछले साल फरवरी में रूस द्वारा हमलों की शुरुआत के बाद से नियमित अंतराल पर रूसी सीमा से सटे क्षेत्रों में ड्रोन हमले होते रहे हैं. पिछले महीने ऐसे हमलों की संख्या बढ़ गई. इस महीने के आरंभ में क्रास्नोडार में तेल रिफाइनरी पर लगातार दो दिन ड्रोन से हमले किए गए. इससे पहले, यूक्रेन ने कीव पर रूस के भीषण हवाई हमलों को नाकाम करते हुए सभी मिसाइलों को गिरा दिया था.

इस बीच, निप्रोपेतोव्स्क प्रांत की क्षेत्रीय राजधानी दिनप्रो में शुक्रवार को मिसाइल हमले में मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर चार हो गई है. प्रांत के गवर्नर सेरही लिसाक ने कहा कि जो तीन लोग लापता थे, उनकी मौत की पुष्टि हो गई है. इस हमले में दो बच्चों समेत 32 लोग घायल हुए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu