रूस ने मॉस्को की इमारतों पर ड्रोन हमले का दावा किया, कीव पर भी हवाई हमले

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 May 2023 08:52 PM
रूस ने मॉस्को की इमारतों पर ड्रोन हमले का दावा किया, कीव पर भी हवाई हमले
ऑडियो सुनें

कीव. रूस ने दावा किया कि मंगलवार तड़के किए गए ड्रोन हमले में मॉस्को की कुछ इमारतों को मामूली नुकसान पहुंचा, जिसके चलते निवासियों को बाहर निकालना पड़ा. पिछले साल यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद पहली बार राजधानी मॉस्को को निशाना बनाया गया है. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि मॉस्को की हवाई रक्षा प्रणाली ने बेहतर कार्य किया. हालांकि, उन्होंने कहा, ”यह स्पष्ट है कि हमे तंत्र की खामियों को दूर करने के मुद्दे पर काम करना है.”

पुतिन ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ”कीव शासन ने रूसी नागरिकों को डराने और रिहायशी इमारतों पर हमले का प्रयास किया. यह स्पष्ट तौर पर आतंकी गतिविधि का संकेत है.” वहीं, रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव को निशाना बनाकर मंगलवार तड़के हवाई हमले किए जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई. दिन-रात लगातार हो रही बमबारी के कारण कीव के निवासी एक बार फिर आश्रय स्थलों में शरण लेने को मजबूर हैं.

पिछले 24 घंटे में कीव पर रूस ने तीसरी बार हमला किया. आसमान में रूसी ड्रोन और भीषण विस्फोट की आवाजें सुनाई देती रहीं. कीव के सैन्य प्रशासन ने कहा कि शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, कीव के हवाई क्षेत्र में हवाई रक्षा बलों ने 20 से अधिक शाहिद ड्रोन (ईरानी ड्रोन) को मार गिराया.

यूक्रेन की वायुसेना ने बाद में कहा कि देश को विशेष कर कीव को निशाना बनाने वाले 31 में से 29 ड्रोन को मार गिराया गया है.
सुबह होने से पहले कीव के आसमान में ड्रोन और विस्फोटों की गगनभेदी आवाजें सुनी जा सकती थीं जिन्हें यूक्रेन की हवाई रक्षा प्रणाली ने मार गिराया. उधर, मास्को में निवासियों ने धमाकों की आवाजें सुनीं और रक्षा मंत्रालय ने बाद में कहा कि मास्को में प्रवेश करने वाले ड्रोन को मार गिराया गया.

रूस ने इसे कीव प्रशासन द्वारा ”आतंकवादी हमला” करार दिया है. रक्षा मंत्रालय ने कहा कि पांच ड्रोन को मार गिराया गया और तीन के सिस्टम ठप कर दिया गया. यूक्रेन ने मास्को हमले पर कोई टिप्पणी नहीं की है. यूक्रेन पर हमला शुरू करने के बाद से मास्को ने यू्क्रेन के शहरों को निशाना बनाकर निरंतर ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं, जिसमें कई लोग मारे गए हैं. मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने रूस की राजधानी पर मंगलवार को सुबह एक ड्रोन हमला होने की जानकारी दी.

सोबयानिन ने ‘टेलीग्राम’ में एक पोस्ट के जरिए के कहा कि इस हमले से कई इमारतों को ”मामूली नुकसान” पहुंचा है. दो घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया, हालांकि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं पड़ी. उन्होंने बताया कि हमले में क्षतिग्रस्त हुईं दो इमारतों के निवासियों को बाहर निकाला गया है. मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोबयोव ने बाद में कहा कि मॉस्को की ओर आ रहे कई ड्रोन को ”मार गिराया” गया.

मॉस्को पर हमले की यह दूसरी घटना है. इससे पहले मॉस्को के अधिकारियों ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को मारने के इरादे से क्रेमलिन (राष्ट्रपति भवन) को निशाना बनाकर हमला किए जाने की सूचना दी थी. कीव सैन्य प्रशासन के अनुसार, कीव को निशाना बनाकर देर रात किए गए रूस के हमले में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई और सात लोग घायल हो गए.

सैन्य प्रशासन ने कहा कि होलोसीव जिले में एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, तीन अन्य घायल हो गए. इमारत के दो ऊपरी तल नष्ट हो गए और मलबे के नीचे लोगों के दबे होने की आशंका है. 20 से अधिक लोगों को वहां से बाहर निकाला गया. वहां के एक निवासी वलेरिया ओरेशकोव (39) ने कहा कि तत्काल खतरा टल चुका है लेकिन हर कोई हमले के खौफ में है.

उन्होंने कहा, ”आप खुश हैं कि आप जिंदा हैं लेकिन सोचिए आगे क्या होगा.” ओकसाना नामक एक निवासी ने कहा कि हमले के वक्त समूची इमारत हिल गई थी. उन्होंने कहा, ”आश्रय स्थलों में शरण लेनी होगी क्योंकि हम नहीं जानते कि अगला (ड्रोन) हमला कहां होगा.” यूक्रेन के चीफ ऑफ स्टाफ वलेरी जालुजनी ने कहा कि रूसी बलों ने कीव पर पूर्वाह्न करीब साढ.े 11 बजे बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलें दागीं. उन्होंने बताया कि इन सभी को मार गिराया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu