बेलारूस में सामरिक परमाणु हथियार तैनात करेगा रूस : पुतिन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 26 Mar 2023 08:13 PM
ऑडियो सुनें

मॉस्को. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को पड़ोसी देश बेलारूस में सामरिक परमाणु हथियारों की तैनाती करने की अपनी योजना की घोषणा की. इस घोषणा को यूक्रेन में सैन्य सहयोग बढ़ा रहे पश्चिमी देशों के लिए चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है. अधिक शक्तिशाली, लंबी दूरी के रणनीतिक परमाणु हथियारों के विपरीत सामरिक परमाणु हथियारों का उद्देश्य युद्ध के मैदान में उपयोग करना होता है.

पुतिन ने कहा कि यह योजना यूक्रेन को ‘डिप्लेटेड यूरेनियम’ वाला गोला-बारूद देने की ब्रिटेन की योजना की जवाबी प्रतिक्रिया है. पुतिन ने पहले दावा किया था कि ये गोला-बारूद परमाणु घटक से लैस हैं. बहरहाल, उन्होंने बाद में अपने लहजे को नरम किया, लेकिन रूस के नेता ने शनिवार रात एक सरकारी टेलीविजन चैनल पर प्रसारित साक्षात्कार में कहा कि ये हथियार यूक्रेन में सैन्य बलों एवं असैन्य नागरिकों के लिए अतिरिक्त खतरा पैदा करते हैं.

पुतिन ने कहा कि बेलारूस के राष्ट्रपति एलेक्जैंडर लुकाशेंको उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) देशों से घिरे होने के कारण काफी समय से इन हथियारों की मांग कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि बेलारूस में इन हथियारों के भंडारण के लिए उचित ढांचों का निर्माण एक जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा. रूस ने यूक्रेन में सेना भेजने के लिए बेलारूस के क्षेत्र का इस्तेमाल किया है. कीव पर आक्रमण के बीच मॉस्को और मिन्स्क ने करीबी सैन्य संबंध बरकरार रखे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu