शबरिमला सोना गायब होने का मामला: एसआईटी ने यूडीएफ संयोजक अदूर प्रकाश से पूछताछ की

तिरुवनंतपुरम: शबरिमला में सोना गायब होने के मामले में जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) संयोजक एवं कांग्रेस सांसद अदूर प्रकाश से पूछताछ की। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में नोटिस जारी होने के बाद प्रकाश सुबह यहां अपराध शाखा कार्यालय पहुंचे।

प्रकाश के अलावा, मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी से भी विशेष जांच दल ने पूछताछ की। पोट्टी को वैधानिक जमानत पर रिहा कर दिया गया था।
प्रकाश से पूछताछ करीब ढाई घंटे तक हुई और वह अपराह्न करीब एक बजे कार्यालय से चले गए। पूछताछ के बाद प्रकाश ने पत्रकारों से कहा कि वह शुक्रवार को कासरगोड से लौटे थे तभी एसआईटी ने कुछ मामलों पर स्पष्टीकरण मांगने के लिए उनसे संपर्क किया।

उन्होंने कहा, ”निर्देशानुसार मैं आज सुबह यहां पहुंच गया हूं। मैंने सभी सवालों के स्पष्ट जवाब दे दिए हैं। इन जवाबों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।” जब उनसे पूछा गया कि क्या एसआईटी ने उनसे पोट्टी के साथ उनके संबंध के बारे में पूछताछ की तो प्रकाश ने कहा कि यह मुद्दा उठाया गया था और उन्होंने सभी विवरण साझा किए थे जिन्हें टीम ने रिकॉर्ड किया था।

उन्होंने कहा, ”वित्तीय लेन-देन के संबंध में कोई सवाल नहीं थे।” उन्होंने यह भी कहा कि पूछताछ पोट्टी की उपस्थिति में नहीं की गई थी और उन्होंने एसआईटी की इस कार्रवाई के पीछे किसी भी राजनीतिक मकसद से इनकार किया। उन्होंने कहा, ”मुझे पूछताछ में कुछ भी असामान्य नजर नहीं आ रहा है।” मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी के साथ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात करते हुए प्रकाश की एक तस्वीर सामने आने के बाद वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने प्रकाश के खिलाफ आरोप लगाए हैं।

इससे पूर्व, आरोपों का जवाब देते हुए प्रकाश ने कहा कि वह पोट्टी से कई बार मिल चुके थे और उसके द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में भी शामिल हुए थे। हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि शबरिमला सोना गायब होने के मामले से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि पोट्टी उनके निर्वाचन क्षेत्र का निवासी है और वह उसे अय्यप्पा के भक्त के रूप में जानते थे। इससे पहले एसआईटी ने इस मामले के संबंध में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) विधायक और पूर्व देवस्वओम मंत्री कडकम्पल्ली सुरेंद्रन से पूछताछ की थी।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) नेता एवं कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने पत्रकारों से कहा कि एसआईटी किसी से भी पूछताछ करने के लिए स्वतंत्र है और कानून को अपना काम करना चाहिए। इस बीच पोट्टी से तिरुवनंतपुरम स्थित एसआईटी कार्यालय में पूछताछ की जा रही है। उसे वैधानिक जमानत पर रिहा कर दिया गया था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि उसे अपने वित्तीय लेन-देन और मामले में अन्य आरोपियों से संबंधों के बारे में स्पष्टीकरण देने के लिए तलब किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button