पालतू कुत्तों की लड़ाई में सुरक्षा गार्ड ने बरसाईं गोलियां : जीजा-साले की मौत, छह घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 18 Aug 2023 09:31 PM
पालतू कुत्तों की लड़ाई में सुरक्षा गार्ड ने बरसाईं गोलियां : जीजा-साले की मौत, छह घायल
ऑडियो सुनें

इंदौर. इंदौर में दो पालतू कुत्तों की लड़ाई से पैदा हुए विवाद के कारण एक बैंक के सुरक्षा गार्ड ने बृहस्पतिवार देर रात गोलीबारी कर दी, जिसमें 28 वर्षीय व्यक्ति और उसके बहनोई की मौत हो गई तथा एक गर्भवती महिला समेत छह अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.

अधिकारी ने बताया कि इस दोहरे हत्याकांड में शामिल होने के आरोप में सुरक्षा गार्ड, उसके बेटे और भतीजे को गिरफ्तार किया गया है.
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह ने बताया कि बैंक ऑफ बड़ौदा की एक स्थानीय शाखा में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात राजपाल सिंह राजावत ने पालतू कुत्तों की लड़ाई से पैदा हुए विवाद के कारण खजराना थाना क्षेत्र में अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोलीबारी की.
सिंह ने बताया कि गोलीबारी में राहुल वर्मा (28) और उसके बहनोई विमल आमचा (35) की मौत हो गई, जबकि छह घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है. आमचा शहर में एक सैलून चलाता था.

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह ने बताया,”विवाद की शुरुआत तब हुई, जब राजावत कृष्णबाग कॉलोनी में अपना पालतू कुत्ता घुमा रहा था. इस कुत्ते की एक अन्य पड़ोसी के कुत्ते से लड़ाई हो गई. कुत्तों की भिड़ंत को लेकर राजावत और आमचा के परिजन लड़ने लगे.” अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि विवाद इतना बढ. गया कि राजावत अपने घर गया एवं उसने छत पर खड़े होकर पहले हवा में दो गोलियां चलाईं और बाद में नीचे सड़क पर खड़े लोगों पर गोलियां चलाईं.

खजराना पुलिस थाने के प्रभारी उमराव सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी राजावत के साथ ही उसके बेटे सुधीर और भतीजे शुभम को भी गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि सुरक्षा गार्ड द्वारा गोलीबारी में इस्तेमाल की गई 12 बोर की दो बैरल वाली बंदूक, इसका लाइसेंस, कारतूसों के खाली खोखे और कुछ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं.

थाना प्रभारी ने बताया,”सुरक्षा गार्ड ने इस बंदूक से कम से कम तीन राउंड गोलियां चलाईं. हम मौका-ए-वारदात के आस-पास का सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं.” उन्होंने बताया कि इलाज के बाद सभी छह घायलों की हालत खतरे से बाहर है. थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक राहुल वर्मा की गर्भवती पत्नी ज्योति घायलों में शामिल है और इस महिला की आंख में छर्रे की चोट लगी है.

इस बीच, दोहरे हत्याकांड के बाद सघन बसाहट वाली कृष्णबाग कॉलोनी की गली में सन्नाटा पसरा है. इस गली में रहने वाले लोग गमजदा हैं कि पालतू कुत्तों की लड़ाई से पैदा हुआ विवाद इतना बढ. गया कि इसमें दो इंसानों की जान चली गई. मृतक विमल आमचा के घर के ठीक सामने रहने वाली पल्लवी बोरसे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “राजावत का पालतू कुत्ता और हमारी गली का एक अन्य पालतू कुत्ता आपस में लड़ रहे थे. जब ये कुत्ते लड़ते-लड़ते आमचा के घर में घुसने लगे, तो उनके भाई प्रमोद ने राजावत के कुत्ते को डंडा मारकर भगाया. इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया.” बोरसे ने बताया कि विवाद के दौरान राजावत की गोलीबारी में आमचा और उसके साले राहुल वर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वारदात की चश्मदीद महिला ने बताया कि गोलीबारी में उनके पति को भी छर्रे लगे हैं जो पिछले पांच साल से लकवे से जूझ रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu