नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के बाद सुरक्षा कड़ी, फुटओवर ब्रिज पर बेवजह खड़े होने पर रोक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 17 Feb 2025 08:05 PM
नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के बाद सुरक्षा कड़ी, फुटओवर ब्रिज पर बेवजह खड़े होने पर रोक
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात हुई भगदड़ की घटना के बाद स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और बिना किसी वैध कारण के किसी भी व्यक्ति के फुट ओवरब्रिज पर घूमने पर रोक लगाई गई है. एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि शनिवार रात नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में 18 लोगों की मौत हो गई थी.

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”हमने कई लोगों को बिना किसी कारण के फुट ओवरब्रिज पर खड़े देखा है, जिससे दूसरे प्लेटफार्म पर पहुंचने की कोशिश कर रहे यात्रियों को देरी होती है. अब किसी को भी बिना किसी वैध कारण के फुट ओवरब्रिज पर खड़े होने की इजाजत नहीं दी जाएगी.” अधिकारी ने कहा कि प्रयागराज की ओर जाने वाली रेलगाड़ियों पर नजर रखी जाएगी और भगदड़ जैसी स्थिति से बचने के लिए टीम किसी भी प्लेटफार्म पर लोगों की संख्या पर भी नजर रखेगी.
उन्होंने कहा, ”प्लेटफॉर्म नंबर 16 से लेकर प्लेटफॉर्म नंबर 13 तक, हमने हर ट्रेन के डिब्बों की निगरानी और भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा र्किमयों को तैनात किया है. इसके अलावा आपात प्रतिक्रिया दल भी तैयार रहेंगे.”

एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के साथ मिलकर स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त र्किमयों को तैनात किया है. रविवार को भी स्टेशन पर काफी भीड़ रही और हजारों यात्रियों को भारी भीड़ के बीच ट्रेनों में चढ़ने के लिए संघर्ष करना पड़ा.

अधिकारी ने रविवार को कहा, ”हमने अवरोधक लगाए हैं, गश्त बढ़ा दी है और ऐसी किसी भी घटना को रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई दल तैनात कर दिए हैं. सीसीटीवी से भी निगरानी की जा रही है और नियंत्रण कक्ष से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए फुटेज पर लगातार नजर रखी जा रही है.” एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आमतौर पर पुलिस अब लोगों को बिना किसी कारण के फुट ओवरब्रिज पर खड़े होने की इजाजत नहीं देगी. उन्होंने कहा कि यात्रियों के मार्गदर्शन और अफरा तफरी की स्थिति से बचने के लिए घोषणाएं की जा रही हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu