पेरिस के लुव्र संग्रहालय से आभूषणों की चोरी के मामले में कई संदिग्ध गिरफ्तार

पेरिस. पेरिस के प्रसिद्ध लुव्र संग्रहालय से शाही आभूषणों की चोरी के मामले में कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है. पेरिस की अभियोजक ने रविवार को यह जानकारी दी. अभियोजक ने कहा कि जांचकर्ताओं ने शनिवार शाम ये गिरफ्तारियां कीं. उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों में से एक हवाई अड्डे से देश छोड़ने की तैयारी कर रहा था.

फ्रांसीसी मीडिया ‘बीएफएम टीवी’ और ‘ले पेरिसियन’ अखबार ने पहले खबर दी थी कि दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
पेरिस की अभियोजक लॉरे बेकुआ ने गिरफ्तारियों की संख्या की पुष्टि नहीं की और यह भी नहीं बताया कि आभूषण बरामद हुए हैं या नहीं. पिछले रविवार की सुबह चोरों ने आठ मिनट से भी कम समय में 10.2 करोड़ डॉलर मूल्य के गहने चुरा लिए थे. फ्रांस के अधिकारियों ने बताया कि चोरों ने संग्रहालय की एक खिड़की तोड़कर फ्रांसीसी शाही आभूषण चुरा लिए थे. संग्रहालय की निदेशक ने सप्ताहांत में हुई इस घटना को ह्लबड़ी विफलताह्व बताया था. बेकुआ ने कहा कि एक विशेष पुलिस इकाई के जांचकर्ताओं ने ये गिरफ्तारियां कीं.

उन्होंने अपने बयान में इस सूचना के समय से पहले लीक होने पर खेद व्यक्त किया और कहा कि इससे 100 से अधिक जांचकर्ताओं के काम में बाधा आ सकती थी, जो ”चोरी हुए गहने बरामद करने और सभी अपराधियों को पकड़ने के लिए जुटे हैं.” कुछ अधिकारियों ने इस चोरी की तुलना 2019 में ‘नोट्रे-डेम कैथेड्रल’ में लगी आग से की है.

कुल आठ वस्तुएं चोरी हुई हैं, जिनमें 19वीं सदी की रानी मैरी-अमेलिया और हॉर्टेंस का नीलम से जड़ा मुकुट, हार और एक कान की बाली, नेपोलियन बोनापार्ट की दूसरी पत्नी महारानी मैरी-लुईज़ का पन्ना जड़ित हार और बालियां, एक कीमती ब्रोच, महारानी यूजनी का हीरे जड़ा मुकुट और उनका हीरे-पन्ने का ब्रोच शामिल हैं. ये सभी दुर्लभ वस्तुएं हैं. इनमें से एक वस्तु महारानी यूजनी का पन्ना जड़ा मुकुट (जिसमें 1,300 से अधिक हीरे हैं) बाद में संग्रहालय के बाहर क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ा मिला था.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button