शाहरुख खान, अक्षय कुमार ने नए संसद भवन के उद्घाटन की बधाई दी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 28 May 2023 08:07 PM
शाहरुख खान, अक्षय कुमार ने नए संसद भवन के उद्घाटन की बधाई दी
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेता शाहरुख खान और अक्षय कुमार ने कहा कि नया संसद भवन “नए भारत” की दिशा में योगदान देगा और यह देश की विकास गाथा का प्रतीक बनेगा. दोनों अभिनेताओं ने शनिवार रात ट्विटर पर नए संसद भवन की एक झलक साझा की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसका उद्घाटन किए जाने पर खुशी जाहिर की. प्रधानमंत्री ने नए भवन पर अपने विचार साझा करने के लिए दोनों अभिनेताओं की प्रशंसा की.

शाहरुख खान ने ट्विटर पर लिखा, “हमारे संविधान को बनाए रखने वाले, इस महान राष्ट्र के प्रत्येक नागरिक का प्रतिनिधित्व करने वाले और इसके हर व्यक्ति की विविधता की रक्षा करने वाले लोगों के लिए कितना शानदार है नया संसद भवन. नए भारत के लिए एक नया संसद भवन…भारत के गौरव के सदियों पुराने सपने के साथ. जय हिन्द!” नए संसद भवन के बारे में अपने विचारों को खूबसूरती से व्यक्त करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने शाहरुख की सराहना की.

प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “नया संसद भवन लोकतांत्रिक शक्ति और प्रगति का प्रतीक है. यह आधुनिकता के साथ परंपरा का मिश्रण है.” अक्षय ने ट्वीट किया, “संसद के इस शानदार नए भवन को देखकर गर्व होता है. यह सदैव भारत की विकास गाथा का एक प्रतिष्ठित प्रतीक बना रहे.” दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में पले-बढ.े अक्षय ने कहा कि बचपन में वह देखते थे कि इंडिया गेट के पास की अधिकतर इमारतों का निर्माण अंग्रेजों ने किया था.

उन्होंने ट्विटर पर साझा एक क्लिप में कहा, “आज इस एकदम नए और भव्य भवन को देखकर मेरा दिल गर्व से भर गया है. भारतीय संसद लोकतंत्र का मंदिर है. यह नए भारत का प्रतीक है. एक ऐसा भारत, जो न केवल संस्कृति और विरासत में सबसे आगे है , बल्कि अपनी प्रगति के साथ दुनिया में आगे भी बढ. रहा है.” अभिनेता ने “इस दिन को संभव बनाने” के लिए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी.
उन्होंने कहा, “भगवान आने वाले वर्षों में भारत को अधिक से अधिक प्रगति हासिल करने का आशीर्वाद दे.” प्रधानमंत्री ने अक्षय के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “नयी संसद वास्तव में हमारे लोकतंत्र का प्रकाश स्तंभ है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu