राजस्थान में शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा को मिली जमानत, अदालत ने संपत्ति मामले में बिहार पुलिस को सौंपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 17 Oct 2023 09:01 PM
राजस्थान में शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा को मिली जमानत, अदालत ने संपत्ति मामले में बिहार पुलिस को सौंपा
ऑडियो सुनें

कोटा. पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा को यहां की एक अदालत ने मंगलवार को जमानत दे दी और उसे संपत्ति से जुड़े एक मामले में बिहार पुलिस की एक टीम को सौंप दिया गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. बिहार में गैंगस्टर से नेता बने शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा को उसके दोस्तों -सैफ और वसीम-के साथ सोमवार को गिरफ्तार किया गया था. कोटा जिले में रामगंजमंडी शहर की उपसंभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) अदालत ने तीनों व्यक्तियों को जमानत दे दी.

रामगंजमंडी पुलिस थाने के प्रभारी मनोज बेरवाल ने बताया कि ओसामा और सैफ को बाद में बिहार पुलिस को सौंप दिया गया, क्योंकि दोनों व्यक्ति राज्य के सिवान जिले में इस महीने की शुरूआत में दर्ज संपत्ति से जुड़े एक मामले में वांछित थे. पुलिस के मुताबिक, तीनों व्यक्तियों को उस वक्त गिरफ्तार किया गया, जब उन्होंने पुंडवा में एक नाके पर संदिग्ध गतिविधि की. इन तीनों की उम्र 30-35 साल है. वे दिल्ली की पंजीकरण संख्या वाली एक कार से यात्रा कर रहे थे.

बेरवाल ने बताया कि पूछताछ के बाद, तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया, क्योंकि उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया. पुलिस के अनुसार, ओसामा और उसके दोस्तों ने बताया कि वे दिल्ली से आ रहे हैं और गोवा जा रहे हैं. स्थानीय पुलिस ने जब बिहार पुलिस से संपर्क किया तो यह पता चला कि ओसामा और सैफ पर सिवान में 10 दिन पहले संपत्ति से जुड़ा एक मामला दर्ज किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu