शिमला: चिप्स चोरी करते पकड़े गए नाबालिग लड़के की पिटाई करने, नग्न घुमाने के मामले में सात गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 06 Aug 2023 07:58 PM
शिमला: चिप्स चोरी करते पकड़े गए नाबालिग लड़के की पिटाई करने, नग्न घुमाने के मामले में सात गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

शिमला. हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक दुकान से चिप्स का पैकेट चोरी करने के आरोप में पकड़े गये 15-वर्षीय नाबालिग की कथित तौर पर पिटाई करने और उसे नग्न घुमाने के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी.

शिमला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संजीव कुमार गांधी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह ‘शर्मनाक’ घटना 31 जुलाई को उस वक्त घटी, जब एक गरीब नेपाली परिवार से ताल्लुक रखने वाले लड़के को रोहड़ू शहर में दुकान के मालिक ने कथित तौर पर चोरी करते हुए पकड़ा था. गांधी ने बताया कि इस बीच, लड़के की मां की अगले ही दिन लीवर की बीमारी के कारण अस्पताल में मौत हो गई.

एसपी ने बताया कि कुछ पुरुषों द्वारा लड़के को नग्न घुमाने का वीडियो कई दिनों बाद सामने आने के उपरांत पीड़ित लड़के के पिता की शिकायत के आधार पर सात आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धारा- 341, 342 और 323 तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉस्को) अधिनियम की धारा 14 और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया.
घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राज्य में नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने कहा कि देवभूमि हिमाचल में इस तरह की क्रूर हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो गयी है.

एसपी ने बताया कि चार लोगों को मारपीट, गलत तरीके से कैद करने और नाबालिग को नग्न घुमाने तथा तीन अन्य लोगों को वीडियो रिकॉर्ड करने एवं इसे साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं.
उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हो.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu