सीधी की घटना से भाजपा का आदिवासी और दलित विरोधी चेहरा सामने आया: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 05 Jul 2023 09:12 PM
सीधी की घटना से भाजपा का आदिवासी और दलित विरोधी चेहरा सामने आया: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/इंदौर. कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के सीधी में एक व्यक्ति द्वारा आदिवासी युवक पर पेशाब करने की घटना को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा और दावा किया कि इससे आदिवासियों एवं दलितों के प्रति भाजपा की नफरत का घिनौना चेहरा सामने आ गया है. पार्टी का आदिवासी विभाग इस घटना को लेकर आगामी सात और आठ जुलाई को देशव्यापी प्रदर्शन करेगा.
कांग्रेस ने दावा किया है कि आरोपी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़ा था, लेकिन सत्तारूढ. दल ने आरोप से इनकार किया है.
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ”भाजपा राज में आदिवासी भाइयों और बहनों पर अत्याचार बढ.ते ही जा रहे हैं.

मध्यप्रदेश में एक भाजपा नेता के अमानवीय कृत्य से सारी इंसानियत शर्मसार हुई है. यह भाजपा का आदिवासियों और दलितों के प्रति नफ.रत का घिनौना चेहरा और असली चरित्र है!” पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने भी आरोप लगाया, ”मध्य प्रदेश में भाजपा विधायक के एक करीबी द्वारा आदिवासी युवक के साथ की गई अमानवीय व घृणित हरकत बेहद शर्मनाक है. प्रदेश में भाजपा के 18 साल के शासन में आदिवासियों पर अत्याचार के 30,400 मामले सामने आए हैं. ”

उन्होंने ट्वीट कर कहा, ”भाजपा राज में आदिवासी हितों पर केवल कोरे दावे और कोरी बातें हैं. आदिवासियों पर अत्याचार रोकने के असल कदम क्यों नहीं उठाती सरकार?” कांग्रेस के आदिवासी विभाग के अध्यक्ष शिवाजी राव मोघे ने संवाददाताओं से कहा, ”मध्य प्रदेश में एक बहुत ही घिनौनी घटना घटी है. वहां भाजपा के कट्टर कार्यकर्ता प्रवेश शुक्ला ने एक आदिवासी युवक के साथ अमानवीय व्यवहार किया है. ऐसा लगता है आदिवासियों को अपमानित करना भाजपा की आदत बन चुकी है.”

उन्होंने कहा, ”हम भाजपा द्वारा आदिवासियों को अपमानित करने वाली घटनाओं की निंदा करते हैं. हम आगामी 7 और 8 जुलाई को इस अमानवीय घटना का देशव्यापी विरोध करेंगे.” मोघे ने कहा कि उनका विभाग इस विषय पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को प्रतिवेदन देगा.

मध्य प्रदेश के सीधी जिले में एक आदिवासी युवक पर पेशाब करने के एक आरोपी को मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी की पहचान प्रवेश शुक्ला के तौर पर हुई है और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 294 एवं 504 और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है. इस घटना का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था.

सीधी की घटना पर इंदौर में दलितों और आदिवासियों ने आरोपी को फांसी देने की मांग की

मध्यप्रदेश के सीधी जिले में एक व्यक्ति द्वारा एक आदिवासी युवक के ऊपर पेशाब करने की घटना को लेकर दलितों और आदिवासियों ने बुधवार को इंदौर के एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया . प्रदर्शनकारियों ने सूबे में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों पर लगातार अत्याचार बढ़ने का आरोप लगाया और तख्तियां लहराते हुए नारेबाजी की. इस प्रदर्शन का आह्वान अखिल भारतीय बलाई महासंघ ने किया था.
महासंघ के अध्यक्ष मनोज परमार ने संवाददाताओं से कहा, ”सीधी जिले में आदिवासी युवक पर पेशाब करके प्रवेश शुक्ला ने पूरे देश को शर्मसार कर दिया है. शुक्ला को कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए. हो सके तो उसे फांसी की सजा दी जानी चाहिए.” उन्होंने आरोप लगाया कि सूबे में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों को आज भी जातिगत भेदभाव के कारण अत्याचार झेलने पड़ रहे हैं.
परमार ने कहा, ”हम सीरिया, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के नागरिकों से नहीं, बल्कि अपने ही देश भारत के उन लोगों की विकृत मानसिकता और अत्याचारों से दु:खी हैं जो तथाकथित ऊंची जाति में जन्म लेने के कारण खुद को सर्वश्रेष्ठ मानते हैं.” उन्होंने कहा कि ऐसे सभी लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि हिंदू समुदाय में समरसता का भाव बना रहे.

कांग्रेस ने आदिवासी युवक पर पेशाब करने की घटना की सीबीआई जांच की मांग की

कांग्रेस ने मध्यप्रदेश के सीधी जिले में एक व्यक्ति द्वारा एक आदिवासी युवक के ऊपर पेशाब करने की घटना की जांच बुधवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से कराने की मांग की है. कांग्रेस ने यह भी मांग की कि अन्य मामलों में राज्य सरकार द्वारा की गई इसी तरह की कार्रवाई की तरह आरोपियों की संपत्ति को ध्वस्त कर दिया जाए.

भोपाल में पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने दावा किया कि वीडियो कुछ महीने पुराना है.
उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी भाजपा नेता प्रवेश शुक्ला ने पीड़ित से एक शपथ पत्र भरवाया है कि उसके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया जाना चाहिए. सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने बुधवार को शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया. एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़े राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई शुरू की जा रही है.

भूरिया ने कहा, “सीधी में हुई घटना आदिवासी समुदाय का अपमान है. राज्य सरकार को मामले की जांच सीबीआई (केंद्रीय जांच ब्यूरो) को सौंप देनी चाहिए और मामले की सुनवाई ग.ैर-भाजपा राज्यों की अदालत में होनी चाहिए.” उन्होंने मांग की कि पीड़ित परिवार को दो करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के दो सदस्यों को सरकारी नौकरी दी जाए.

भूरिया ने आरोप लगाया, ” यह वीडियो कुछ महीने पुराना बताया जा रहा है, लेकिन पीड़ित आरोपी भाजपा नेता प्रवेश शुक्ला से इतना डरा हुआ था कि महीनों बाद भी पुलिस से शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा सका. साथ ही आरोपी ने एक शपथ पत्र भी ले लिया जिसमें पीड़ित ने कहा कि उसके (शुक्ला के) खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया जाना चाहिए.” उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि भाजपा के विधायक और उनके प्रतिनिधि स्थानीय गुंडों की तरह काम कर रहे हैं.

भूरिया ने यह भी दावा किया कि आरोपी के भाजपा के शीर्ष नेताओं से संबंध है और सत्तारूढ़ दल के वरिष्ठ नेताओं के साथ उसकी तस्वीरें सामने आई हैं. भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के इस आरोप से इनकार किया था कि आरोपी भगवा पार्टी से जुड़ा था. राज्य के मुख्यमंत्री के कार्यालय के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया था कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 294 एवं 504 और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है.

उन्होंने बताया कि इस मामले में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई शुरू की गई है. मंगलवार को यह पूछे जाने पर कि क्या आरोपी विधायक का प्रतिनिधि है प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा, ”ऐसे लोग किसी पार्टी के नहीं हैं, जब विशेष रूप से पूछा गया कि क्या उन्हें पार्टी से हटा दिया गया है, तो शर्मा ने कहा, ”बिल्कुल (बिल्कुल).” कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया कि आरोपी प्रवेश शुक्ला सीधी से भाजपा विधायक केदारनाथ शुक्ला का प्रतिनिधि है लेकिन संपर्क करने पर विधायक ने इससे इनकार किया. केदारनाथ शुक्ला ने पीटीआई भाषा से कहा, ” आरोपी मेरा प्रतिनिधि नहीं है. मुझे नहीं पता कि पीड़िता आदिवासी है या नहीं लेकिन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu