दक्षिण अफ्रीका: खदान से अवैध रूप से सोना निकालने के कारण गैस रिसाव, 17 मरे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Jul 2023 09:51 PM
दक्षिण अफ्रीका: खदान से अवैध रूप से सोना निकालने के कारण गैस रिसाव, 17 मरे
ऑडियो सुनें

जोहानिसबर्ग. दक्षिण अफ्रीका में एक परित्यक्त खदान से अवैध तरीके से सोना निकालने के दौरान हुए जहरीली गैस के रिसाव से एक साल के बच्चे सहित 17 लोगों की मौत हो गई और दस लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.

अधिकारियों ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि घटना बुधवार शाम जोहानिसबर्ग के पूर्व में बोक्सबर्ग शहर के पास हुई. खदान से निकाली गई मिट्टी से सोना निकालने के लिए अत्यधिक जहरीली नाइट्रेट ऑक्साइड गैस का उपयोग किया जा रहा था, जिसके कारण हादसा हुआ.

गौतेंग प्रांत के प्रमुख पन्याजा लेसुफी ने मीडिया को बताया कि मृतकों में एक साल का बच्चा शामिल है. उन्होंने 17 लोगों के मरने की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि माना जा रहा है कि अन्य लोग बंद पड़ी इस खदान में काम करने वाले अवैध खनिक हैं. 10 लोग अभी अस्पताल में भर्ती हैं.

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उनके कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि भविष्य में इसी तरह की आपदाओं से बचने के लिए जांचकर्ताओं से इस घटना की तह तक जाने का आग्रह किया.
लेसुफी बुधवार रात को ही घटना स्थल पर पहुंच गए थे और उन्होंने घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों को तैनात कर दिया है. लेसुफी ने प्रांत की परित्यक्त खदानों में काम कर रहे अवैध खनिकों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई का वादा किया.

बस्ती के एक निवासी मंडला मारुंडा ने बताया कि जब उसने लोगों को एक-एक करके नीचे गिरते देखा तो वह भागने लगा. उन्होंने कहा कि गैस की गंध सड़े हुए अंडे जैसी थी. गौतेंग की स्वास्थ्य मंत्री नोमंतु नकोमो-रालेहोको ने स्थानीय मीडिया को बताया कि अस्पताल में भर्ती लोगों की हालत में सुधार हो रहा है. वार्ड एक में दो महीने की बच्ची है, अब उसकी हालत ठीक है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu