सुकमा : मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 01 Apr 2024 06:45 PM
सुकमा : मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सोमवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया है. पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी. सुकमा जिले के पुलिस अधीक्षक किरण जी चव्हाण ने बताया कि जिले के किस्टाराम पुलिस थाना क्षेत्र के जंगल में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया है.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि किस्टाराम थाना क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों की सूचना पर जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और कमांडो बटालियन फॉर रिजोल्यूट एक्शन (कोबरा- सीआरपीएफ की एक विशिष्ट इकाई) के संयुक्त दल को गश्त के लिए रवाना किया गया था.
उन्होंने बताया कि जब सुरक्षाबल के जवान जंगल में थे तब नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी. जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की. गोलीबारी रुकने के बाद जब घटनास्थल की तलाशी ली गई तब वहां से एक नक्सली का शव और एक हथियार बरामद किया गया.

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मारे गए नक्सली की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. इलाके में तलाशी अभियान जारी है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के साथ, इस वर्ष अब तक सुकमा जिले सहित बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ अलग-अलग मुठभेड़ों में 33 नक्सली मारे गए हैं. सुकमा जिला बस्तर लोकसभा क्षेत्र में है जहां 19 अप्रैल को आम चुनाव के पहले चरण में मतदान होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu